दो माह से वेतन न मिलने पर मजदूरों का फूटा गुस्सा।
अनिल कुमार अग्रहरि/ समाज जागरण
डाला/ सोनभद्र। डाला सलाइबनवा स्थित ACC अडानी ग्रुप सीमेंट प्लांट में मजदूरी भुगतान को लेकर बुधवार को सैकड़ों मजदूरों ने जमकर हंगामा किया। मजदूरों का आरोप है कि ठेकेदार संस्था LNBT द्वारा पिछले दो महीनों से मजदूरी का भुगतान नहीं किया जा रहा है, जिससे उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
मजदूरों ने बताया कि वे झारखंड सहित अन्य राज्यों से रोज़गार की तलाश में यहां आए हैं ताकि अपने परिवार का भरण-पोषण कर सकें। लेकिन समय पर भुगतान न होने से होली जैसे बड़े त्योहार से पहले ही उनके घरों में आर्थिक तंगी की स्थिति बन गई है। मजदूरों का कहना है कि पहले प्रत्येक माह की 15 से 18 तारीख के बीच भुगतान कर दिया जाता था, लेकिन अब केवल तारीख दी जाती है, भुगतान नहीं। दो माह से वेतन अटका होने के कारण मजदूरों को कमरे का किराया, भोजन और परिवार की जरूरतें पूरी करने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।पीएफ कटौती में गड़बड़ी का आरोप।
मजदूरों ने यह भी आरोप लगाया कि पीएफ मद में लगभग 1600 रुपये की कटौती दिखाई जाती है, जबकि खाते में करीब 1100 रुपये ही जमा होते हैं। शेष राशि को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी जाती। मजदूरों ने इसे खुला घोटाला बताते हुए जांच की मांग की है। प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग आक्रोशित मजदूरों ने जिला प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर बकाया मजदूरी दिलाने तथा ठेकेदार संस्था के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो वे बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
त्योहार से ठीक पहले मजदूरों की इस स्थिति ने श्रमिक हितों और ठेका प्रणाली की पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना यह है कि जिम्मेदार अधिकारी मामले में क्या कदम उठाते हैं।



