उषा अमेसर ने रचे सफलता के नए आयाम

उषा अमेसर : एक अदाकारा की प्रेरणादायक कहानी
मुंबई ( गिरजा शंकर अग्रवाल ) – सपने वो नहीं जो सोते वक्त आते हैं, सपने वो हैं जो आपको सोने नहीं देते।” संपूर्ण महाराष्ट्र में सुपरिचित शहर नागपुर की उभरती अदाकारा उषा अमेसर आज फ़िल्मी दुनिया में अपनी एक अलग पहचान बना चुकी हैं। अपने अभिनय सफर के 7 वर्ष पूरे कर चुकी उषा लगातार सफलता की नई ऊँचाइयों को छू रही हैं। हाल ही में बड़े पर्दे पर रिलीज़ हुई उनकी फ़िल्म “18 हार्ट बीट्स” ने दर्शकों के बीच खासा नाम कमाया।

इस फ़िल्म ने ISFFA 6th इंटरनेशनल फ़िल्म फेस्टिवल में राष्ट्रीय स्तर पर सेकंड बेस्ट फीचर फ़िल्म का खिताब भी हासिल किया। उषा बताती हैं कि आने वाले समय में दर्शकों को बड़े पर्दे पर उनकी और भी दमदार मौजूदगी देखने को मिलेगी। इसके साथ ही वह इन दिनों एक वेब सीरीज़ की शूटिंग में व्यस्त हैं, जो जल्द ही OTT प्लेटफॉर्म पर रिलीज़ होगी। नागपुर में जन्मी और पली-बढ़ी उषा का बचपन से ही सपना था कि वे फ़िल्मी दुनिया में अपना नाम बनाएं। जीवन के उतार-चढ़ाव और पारिवारिक परिस्थितियों के कारण इस सपने को पूरा करने में थोड़ी देरी ज़रूर हुई, लेकिन अपने जुनून और मेहनत के दम पर आज वह अपने सपने को पूरी शिद्दत से जी रही हैं।


अपनी शिक्षा पूरी करने के बाद उषा ने लगभग दो वर्षों तक एक स्थानीय न्यूज़ चैनल में एंकरिंग भी की।लेकिन उनका दिल हमेशा अभिनय की ओर ही खिंचता रहा। उनके करियर की शुरुआत एक मशहूर एडवरटाइजिंग कंपनी के सब्जी मसाले के विज्ञापन से हुई, जहाँ पहली बार उनका कैमरे से सामना हुआ और यहीं से उनके अभिनय सफर की नई शुरुआत हुई।

इसके बाद उषा को कई प्रोजेक्ट्स में काम करने का अवसर मिला,लेकिन उनके करियर को असली रफ्तार तब मिली जब उन्हें निर्देशक मुश्ताक खान के साथ वेब सीरीज़ “इशास डायरी” में काम करने का मौका मिला। उषा अमेसर ने अब तक चार सिंधी, तीन छत्तीसगढ़ी, भोजपुरी, हिंदी और पंजाबी म्यूजिक एल्बम “बिरहा दी कहानी” में अपने अभिनय का जलवा बिखेरा है। इसके अलावा वह कई प्रख्यात टी.वी. और सिनेमा कलाकारों के साथ काम कर चुकी हैं। लोकप्रिय कॉमेडी शो “द कपिल शर्मा शो” में भी उनकी झलक दर्शकों को देखने को मिली। अप्रैल 2025 में गृह लक्ष्मी पत्रिका के कवर पेज पर स्थान पाना भी उनकी उपलब्धियों में शामिल है। फ़िल्मों की बात करें तो उषा इर्ष्या, ट्रू लव, जुग्गी, तेरी मेरी कहानी, द बैटल अनफोर्ट, दिल से रूह तक और 18 हार्ट बीट्स जैसी फिल्मों का अहम हिस्सा रह चुकी हैं।

साथ ही उन्होंने कई विज्ञापनों में भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई है। उनके काम को दर्शकों द्वारा खूब सराहा गया है और उन्हें कई सामाजिक संस्थाओं द्वारा सम्मानित भी किया जा चुका है। उषा अमेसर अपने सफर के माध्यम से खासकर महिलाओं को एक सशक्त संदेश देना चाहती हैं। उनका मानना है कि कई बार महिलाएं घरेलू जिम्मेदारियों या समाज के डर से अपने सपनों को पीछे छोड़ देती हैं। उषा कहती हैं, “हर महिला के अंदर एक खास प्रतिभा होती है। ज़रूरत है तो बस उसे पहचानने और उस पर भरोसा करने की। अगर आप घर संभाल सकती हैं, तो अपने सपनों को भी पूरा कर सकती हैं। शुरुआत छोटी हो सकती है, लेकिन हौसले बड़े होने चाहिए।” वह आगे कहती हैं कि आज के समय में महिलाओं के लिए अवसरों की कोई कमी नहीं है, बस ज़रूरत है आत्मविश्वास और एक कदम आगे बढ़ाने की।

उषा अपने सफर का श्रेय अपने परिवार, मित्रों और समाज के सहयोग को देती हैं। उनका कहना है,”अगर आप में प्रतिभा और मेहनत करने का जज़्बा है, तो आपको मायानगरी जाने की ज़रूरत नहीं होती,आपका काम खुद ही आपसे पहले मुंबई पहुँच जाता है।”जल्द ही उषा की एक नई वेब सीरीज़ भी दर्शकों के सामने आने वाली है,जिसका उनके प्रशंसकों को बेसब्री से इंतजार है! “उषा अमेसर आज सिर्फ एक नाम नहीं, बल्कि उन सभी सपने देखने वाली महिलाओं के लिए एक प्रेरणा बन चुकी हैं, जो अपनी पहचान खुद बनाना चाहती हैं।”

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)