नोएडा। भगवान महावीर स्वामी के 2625 वें जन्म कल्याणक महोत्सव के अवसर पर नोएडा के सेक्टर 93बी में सोमवार को सुबह 9 बजे विशाल शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें जैन समाज के हजारों स्त्री-पुरुष शामिल हुए। इसके पूर्व रविवार रात्रि भव्य संध्या भजन का आयोजन किया गया।
बता दें कि पिछले 7 साल से यहाँ महावीर स्वामी की भव्य शोभा यात्रा निकाली जाती है। यहां पर लगभग 15 किलोमीटर के एरिया में कोई जैन मंदिर नहीं होने के कारण शोभायात्रा की भव्यता देखते ही बनती है।
यहां श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। शोभायात्रा में भगवान महावीर के संदेशों का प्रचार किया गया। महावीर जयंती के दौरान हर्षोल्लास का माहौल बना रहा और यह शोभायात्रा जैन समुदाय की आस्था का एक प्रमुख प्रतीक के रूप में देखने को मिला।
इस अवसर पर एक्सप्रेसवे नोएडा जैन समाज के अध्यक्ष सुनील जैन ने कहा कि महावीर स्वामी ने धर्म को एक व्यापक अवधारणा के रूप में देखा था। उनके अनुसार, धर्म केवल धार्मिक अनुष्ठानों या कर्मकांडों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह एक जीवन शैली है, जो मनुष्य को शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक रूप से पूर्णता प्राप्त करने में मदद करती है।
.उन्होंने कहा कि स्वामी महावीर की शिक्षाएँ आत्मा की आंतरिक सुंदरता, शक्ति और सामंजस्य को दर्शाती हैं। उन्होंने मानव जीवन की सर्वोच्चता का ज्ञान सिखाया और जीवन के सकारात्मक दृष्टिकोण के महत्व पर बल दिया।
उन्होंने बताया कि महावीर ने इस बात पर जोर दिया कि सभी जीव, चाहे उनका आकार, रूप और बनावट कैसी भी हो, वे आध्यात्मिक रूप से कितने भी विकसित या अविकसित क्यों न हों, समान हैं और हमें उनसे प्रेम और सम्मान करना चाहिए। इस प्रकार उन्होंने सार्वभौमिक प्रेम का संदेश दिया।
यहां जैन मन्दिर के लिए जैन समाज द्वारा प्राधिकरण से जमीन की मांग की जाती रही है। लेकिन अभी तक सफलता नहीं मिली है। सुनील जैन ने भरोसा जताया है कि इसके आसपास जैन समाज के लोग काफी संख्या में रहते हैं। उम्मीद है कि जैन समाज की आस्था को देखते हुए प्राधिकरण जल्दी ही भूखंड का आवंटित करेगी।
इस मौके पर सुनील जैन, मयंक जैन,नवरतन अग्रवाल, संजीव कुमार जैन, डी पी गोयल, सुशील जैन, सौरभ जैन,अजय जैन, निशांत जैन, रोहित जैन,, ठाकुर करन सिंह, जियान जैन, कविरा जैन, संदीप जैन, संजय जैन,ऋषि जैन,गौरव जैन,अनुभव जैन सहित जैन समाज के भारी संख्या में लोग शामिल रहे।



