हरहुआ-रामेश्वर क्षेत्र के अमृत सरोवरों और नदी घाटों पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, छठी मैया के गीतों से भक्तिमय हुआ वातावरण
समाज जागरण | अनिल कुमार
हरहुआ (वाराणसी)। धर्म और आध्यात्म की नगरी काशी के हरहुआ-रामेश्वर क्षेत्र में सोमवार की सुबह उदीयमान सूर्य भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित करने के साथ चार दिवसीय लोक आस्था का महापर्व छठ श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ संपन्न हो गया। भोर होते ही क्षेत्र के विभिन्न अमृत सरोवरों, तालाबों और नदी घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। व्रती महिलाओं और पुरुषों ने पानी में खड़े होकर विधि-विधान से भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया तथा छठी मैया से परिवार की सुख-समृद्धि, आरोग्यता, संतान की दीर्घायु और खुशहाली की कामना की।
क्षेत्र के वरुणा घाट, अनौरा वरुणा घाट, अमृत सरोवर, औरा, मुर्दहा, गोकुलपुर राजकीय नलकूप आयर, चक्का, करोमा, काजीसराय, हरहुआ, भेलखा, उदयपुर और रामेश्वर सहित विभिन्न घाटों पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की चहल-पहल बनी रही। छठी मैया के पारंपरिक गीतों और सूर्य उपासना के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों में सजी व्रती महिलाएं पूजा की डलिया और सूप में फल-फूल तथा पारंपरिक प्रसाद लेकर घाटों पर पहुंचीं। पूजा सामग्री में ठेकुआ, केला, नारियल, गन्ना और विभिन्न मौसमी फल शामिल रहे। सूर्य की पहली किरण दिखाई देते ही श्रद्धालुओं ने अर्घ्य अर्पित कर अपने परिवार और समाज के मंगल की कामना की। इसके बाद व्रतियों ने कठिन निर्जला व्रत का पारण किया।
घाटों पर व्यवस्था और साफ-सफाई का रहा विशेष ध्यान
वरुणा नदी के रामेश्वर स्थित नए एवं पुराने घाटों पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रधान घनश्याम यादव और डॉ. रामप्रसाद की ओर से व्यवस्थाएं की गई थीं। वहीं हरहुआ ब्लॉक के विभिन्न ग्राम प्रधानों ने अपने-अपने गांवों में साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुविधाओं का प्रबंध कराया। जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों ने सेवा भाव से श्रद्धालुओं की सहायता की।
पुलिस प्रशासन रहा मुस्तैद
छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। रामेश्वर क्षेत्र में थाना प्रभारी (एसओ) जंसा सत्यजीत सिंह और चौकी प्रभारी आदित्य सेन सिंह पुलिस बल के साथ सुरक्षा व्यवस्था में तैनात रहे। संबंधित थाना क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से भी निगरानी की जाती रही।
चार दिनों तक चले इस महापर्व का समापन शांतिपूर्ण और भक्तिमय माहौल में हुआ। घाटों पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ ने एक बार फिर काशी और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में छठ पर्व की लोक आस्था, सामाजिक एकता और सांस्कृतिक परंपरा की अद्भुत झलक प्रस्तुत की।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.




