जमुतरिहा परिवार की बेटी की उपलब्धि से गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में खुशी की लहर, परिवार और क्षेत्र का बढ़ाया मान
विजय तिवारी, गौरेला। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के लिए गौरव का विषय है कि साधवानी निवासी जमुतरिहा परिवार की होनहार बेटी डॉ. नंदिता राठौर ने एफएमजीई (विदेशी चिकित्सा स्नातक परीक्षा) अक्टूबर 2026 में सफलता हासिल कर परिवार, गांव और पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उन्होंने 300 में से 166 अंक प्राप्त कर अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा का परिचय दिया है।
डॉ. नंदिता राठौर ने रूस की प्रतिष्ठित नॉर्थ ओसेशियन स्टेट मेडिकल अकादमी से एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी की। विदेश में चिकित्सा शिक्षा प्राप्त करने के बाद उन्होंने भारत में चिकित्सा क्षेत्र में आगे बढ़ने के उद्देश्य से एफएमजीई परीक्षा में हिस्सा लिया और सफलता प्राप्त की।
उनकी इस उपलब्धि से परिवारजनों, रिश्तेदारों, शुभचिंतकों और क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है। परिजनों का कहना है कि यह सफलता नंदिता की वर्षों की मेहनत, अनुशासन, लगन और दृढ़ संकल्प का परिणाम है।
डॉ. नंदिता राठौर जीपीएम जिले के साधवानी निवासी लखन राठौर की पोती तथा नारायण राठौर और साधना राठौर की सुपुत्री हैं। उनके बड़े पिता विजय राठौर कृषक हैं। एक साधारण पारिवारिक परिवेश से निकलकर चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में यह उपलब्धि हासिल करना क्षेत्र के युवाओं के लिए भी प्रेरणादायक है।
डॉ. नंदिता की सफलता पर परिवारजनों एवं क्षेत्रवासियों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। लोगों ने उम्मीद जताई कि वह भविष्य में चिकित्सा के क्षेत्र में नई ऊंचाइयां हासिल करेंगी और अपनी सेवाओं के माध्यम से जरूरतमंदों की सहायता कर समाज और देश का गौरव बढ़ाएंगी।
बेटी की इस उपलब्धि ने न केवल जमुतरिहा परिवार, बल्कि पूरे गौरेला क्षेत्र को गौरवान्वित किया है।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.




