समाज जागरण/ आदिवासी सुनील त्रिपाठी
चोपन/ सोनभद्र। चोपन गाँव स्थित मेड़र माई मंदिर परिसर में 20 से 27 जुलाई तक विश्व कल्याण महायज्ञ एवं श्रीरामचरित कथा महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य विश्व शांति, मानव कल्याण और सनातन संस्कृति का संरक्षण एवं संवर्धन है। इस दिव्य धार्मिक आयोजन की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। आयोजन समिति के सदस्य पहाड़ी बाबा शिव कुमार निषाद, नागेश्वर प्रसाद गौड़, सुनील सिंह और श्यामा चरण गिरी सहित अन्य श्रद्धालु व्यवस्थाओं को ऐतिहासिक स्वरूप देने में जुटे हैं। कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण एडीओ और ग्राम पंचायत अधिकारी सहित अन्य कार्यकर्ताओं द्वारा भी किया गया है।
आयोजन समिति के अनुसार, यह महायज्ञ केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि विश्व शांति, मानव कल्याण, सामाजिक समरसता और राष्ट्र के आध्यात्मिक उत्थान का एक महाअभियान है। इसका लक्ष्य यज्ञ, कथा और सत्संग के माध्यम से जनमानस में सकारात्मक ऊर्जा, सद्भाव, संस्कार और आध्यात्मिक चेतना का संचार करना है, विशेषकर ऐसे समय में जब समाज विभिन्न चुनौतियों का सामना कर रहा है।
इस अवसर पर श्रीधाम वृन्दावन से पधार रहे विख्यात कथावाचक पूज्य दिलीप कृष्ण भारद्वाज महाराज अपनी ओजस्वी वाणी से श्रीरामचरित कथा का रसपान कराएंगे। उनकी मधुर कथा श्रद्धालुओं को मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के आदर्शों से जोड़ते हुए धर्म, भक्ति और मानवता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा प्रदान करेगी। यह कार्यक्रम 20 जुलाई को शुरू होकर 27 जुलाई तक चलेगा, जिसका समापन विशाल भंडारे और महाप्रसाद वितरण के साथ होगा। आयोजन स्थल चोपन गाँव स्थित मेड़र माई मंदिर परिसर (अल्ट्राटेक पानी टंकी के समीप) निर्धारित किया गया है।
दूर-दराज से हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है, जिसके लिए आयोजन समिति द्वारा यज्ञ मंडप, कथा स्थल, भंडारा व्यवस्था, पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाओं सहित व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं। स्वयंसेवक दिन-रात सेवा भाव से इन व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित करने में लगे हैं। समिति ने आग्रह किया है कि आइए, सनातन संस्कृति की इस दिव्य ज्योति को जन-जन तक पहुंचाने के इस पुण्य अभियान में सहभागी बनें और धर्म, भक्ति एवं सेवा के माध्यम से लोकमंगल के संकल्प को साकार करें।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



