निरीक्षण के दौरान खाद वितरण में शिथिलता पाये जाने पर 6 समितियों के सचिवों के वेतन भुगतान पर लगी रोक
समाज जागरण/ अवधेश कुमार गुप्ता
सोनभद्र। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ के निर्देश पर जनपद में डीएपी, यूरिया उर्वरक वितरण को लेकर प्राप्त शिकायतों के दृष्टिगत बुधवार को समस्त जनपद स्तरीय अधिकारियों, अपर जिलाधिकारी/उपजिलाधिकारी द्वारा सहकारी समितियों का व्यापक निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने भ्रमणशील रहकर समितियों पर उर्वरक उपलब्धता एवं वितरण व्यवस्था का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान रामगढ़ बी0पैक्स कोन में वितरण में अनियमिताता पाये जाने पर सचिव के वेतन भुगतान पर रोक लगायी गयी इसी प्रकार से अरौली बी0 पैक्स, म्योरपुर बी पैक्स, चोपन बी पैक्स, कुरहर बी पैक्स, सहकारी समितियां बंद पाई गईं, जहां किसानों को डीएपी उर्वरक का वितरण नहीं किया जा रहा था। इस लापरवाही को देखते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित छह समितियों के सचिवों के वेतन भुगतान पर अग्रिम आदेश तक रोक लगाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
जिलाधिकारी ने कहा है कि किसानों को डीएपी उर्वरक का वितरण पूरी पारदर्शिता एवं निर्धारित व्यवस्था के अनुसार कराया जाए। निरीक्षण के दौरान अन्य समितियों पर किसानों को खाद वितरित करते हुए पाया गया। उन्होंने कहा कि उर्वरक वितरण में किसी भी प्रकार की शिथिलता, अनियमितता अथवा लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी के विरुद्ध नियमानुसार कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को नियमित रूप से सहकारी समितियों का निरीक्षण करने तथा किसानों को बिना किसी असुविधा के समयबद्ध रूप से उर्वरक उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं, ताकि खरीफ सीजन में किसानों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



