जमशेदपुर में विशेष अभियान की तैयारी तेज, घर-घर पहुंचकर दीया, तेल, मिठाई और पटाखों का करेगी वितरण
समाज जागरण/ अभय कुमार मिश्रा
जमशेदपुर (झारखंड), 03 नवंबर। रोशनी का पर्व दिवाली हर किसी के जीवन में खुशियां लेकर आए, इसी संकल्प के साथ जमशेदपुर की सामाजिक संस्था वॉइस ऑफ ह्यूमैनिटी इस वर्ष भी जरूरतमंद परिवारों के बीच दिवाली मनाने की तैयारी में जुट गई है। संस्था की ओर से शहर के विभिन्न झुग्गी-झोपड़ी क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर सैकड़ों जरूरतमंद परिवारों को दिवाली की खुशियां बांटी जाएंगी।
इस अभियान को सफल बनाने के लिए संस्था की टीम पिछले एक सप्ताह से लगातार तैयारियों में जुटी हुई है। अभियान के तहत संस्था के युवा स्वयंसेवक विभिन्न बस्तियों में घर-घर पहुंचकर जरूरतमंद परिवारों के बीच दीया, तेल, फुलझड़ी, लड्डू, मोमबत्ती, लावा, मिठाई और अन्य आवश्यक सामग्री वितरित करेंगे। संस्था का प्रयास है कि आर्थिक तंगी के कारण कोई भी परिवार रोशनी के इस त्योहार की खुशियों से वंचित न रहे।
जरूरतमंदों के चेहरों पर मुस्कान लाना ही उद्देश्य
संस्था के संस्थापक हरि सिंह राजपूत ने कहा कि दिवाली सिर्फ अपने घरों को रोशन करने का त्योहार नहीं है, बल्कि उन घरों तक भी खुशियां पहुंचाने का अवसर है, जहां आर्थिक अभाव के कारण त्योहार की रौनक फीकी रह जाती है। हमारी कोशिश है कि समाज का कोई भी परिवार दिवाली की खुशियों से वंचित न रहे।
उन्होंने कहा कि संस्था के युवा स्वयंसेवक जरूरतमंद बच्चों और परिवारों के बीच पहुंचकर उनके साथ त्योहार मनाएंगे। हमारा उद्देश्य केवल सामग्री का वितरण करना नहीं, बल्कि जरूरतमंद परिवारों के साथ अपनापन बांटना और उनके चेहरों पर मुस्कान लाना है।
वॉइस ऑफ ह्यूमैनिटी की यह पहल सामाजिक सहयोग, मानवीय संवेदना और सेवा भावना की मिसाल पेश कर रही है। संस्था का मानना है कि त्योहार की असली खुशी तभी है, जब समाज के हर वर्ग तक उसकी रोशनी पहुंचे।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



