समाज जागरण रंजीत तिवारी
वाराणसी। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा,सम्मान और सशक्तीकरण के उद्देश्य से चलाए जा रहे मिशन शक्ति फेज-6.0 अभियान के तहत थाना लालपुर-पांडेयपुर की मिशन शक्ति टीम ने नई प्रकृति रक्षा सेवा की टीम के सहयोग से नई बस्ती,हुकुलगंज में जागरूकता चौपाल का आयोजन किया। इस दौरान महिलाओं एवं बच्चियों को बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया गया।कार्यक्रम में बाल विवाह से संबंधित एक लघु फिल्म दिखाकर इसके सामाजिक,शैक्षिक और व्यक्तिगत दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई। साथ ही उपस्थित महिलाओं एवं बच्चियों को बाल विवाह रोकने की शपथ दिलाई गई और समाज को बाल विवाह मुक्त बनाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया।
चौपाल के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि बाल विवाह बच्चों के अधिकारों,शिक्षा और उज्ज्वल भविष्य में बाधा बन सकता है। इसे रोकने के लिए परिवार और समाज के प्रत्येक व्यक्ति को जागरूक होना आवश्यक है। मिशन शक्ति टीम और नई प्रकृति रक्षा सेवा की इस संयुक्त पहल का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं में जागरूकता बढ़ाना तथा बाल विवाह मुक्त समाज के निर्माण के लिए जनभागीदारी को प्रोत्साहित करना रहा।
बेटियों को शिक्षा,सुरक्षा और सम्मान दें,बाल विवाह को रोकें,बाल विवाह मुक्त भारत के निर्माण में सहभागी बनें।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



