समाज जागरण आशीष कुमार गुप्ता
बाबतपुर,वाराणसी । विकास खण्ड के विभिन्न आंगनवाड़ी केंद्रों पर विश्व स्तनपान दिवस पर सप्ताहव्यापी कार्यक्रम के तहत विभिन्न केंद्रों पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
पिंडरा विकास खण्ड के आदर्श आंगनवाड़ी केंद्र जमापुर पर स्तनपान दिवस पर माताओं व गर्भवती महिलाओं द्वारा दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इस दौरान सुपरवाइजर शीला यादव ने कार्यक्रम के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए नवजात शिशुओं के स्वास्थ्य और पोषण के लिए स्तनपान के महत्व के बारे में जागरूक किया और जन्म से लेकर छह महीने की उम्र तक शिशु को सिर्फ माँ का दूध ही पिलाने का आह्वान किया।
इस दौरान कार्यकर्ती रागिनी सिंह, रीता पटेल, विजय लक्ष्मी समेत अनेक महिलाएं रही। वही दूसरी तरफ चाइल्ड राइट्स एंड यू के सहयोग से जनमित्र न्यास और मानवाधिकार जननिगरानी समिति ने पिंडरा गांव, रमईपट्टी, सराय मुगल में विश्व स्तनपान सप्ताह का शुभारंभ किया। जहाँ गर्भवती और धात्री (स्तनपान कराने वाली) माताओं सहित बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान, सीएमसी कॉउंसलर गीता मौर्या ने स्तनपान से जुड़े कई महत्वपूर्ण पहलुओं पर चर्चा की। जिसमें तत्काल बच्चे के जन्म के तुरंत बाद माँ का पहला पीला, गाढ़ा दूध (जिसे कोलोस्ट्रम कहते हैं) पिलाना कितना ज़रूरी है। यह बच्चे को कई बीमारियों से लड़ने की शक्ति देता है।
कार्यक्रम में जनमित्र न्यास/मानवाधिकार जन निगरानी समिति से संजय राजभर, विनोद कुमार और गीता मौर्या, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता प्रेमलता,गायत्री देवी और आशा कार्यकर्ता रंजू वर्मा सहित कई गाँव की महिलाओं ने हिस्सा लिया।



