समाज जागरण/ ब्यूरो चीफ सोनभद्र।
सोनभद्र। जनपद के लोढ़ी स्थित संत कीनाराम महाविद्यालय में उस समय हंगामा हो गया, जब बीकॉम की परीक्षा देने पहुंचे छात्रों को पता चला कि उनका एग्जाम समाप्त हो चुका है। छात्रों के एडमिट कार्ड पर परीक्षा का समय दोपहर 2 बजे से 4 बजे तक अंकित था, जबकि परीक्षा सुबह 10 बजे से 12 बजे तक आयोजित की गई थी।
महात्मा काशी विद्यापीठ की परीक्षाएं संत कीनाराम महाविद्यालय में चल रही हैं। आज बीकॉम की परीक्षा थी, जिसमें लगभग एक दर्जन से अधिक छात्र शामिल होने पहुंचे थे। उन्हें बताया गया कि परीक्षा सुबह ही खत्म हो गई है, जिससे वे परीक्षा देने से वंचित रह गए।
छात्रों ने आरोप लगाया कि अगर परीक्षा का समय बदला गया था, तो इसकी सूचना उन्हें क्यों नहीं दी गई। एडमिट कार्ड पर अंकित समय के अनुसार ही वे परीक्षा केंद्र पर पहुंचे थे। इस विसंगति के कारण छात्रों ने कॉलेज परिसर में हंगामा शुरू कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर छात्रों के परिजन भी महाविद्यालय पहुंच गए। अभिभावकों ने कॉलेज प्रशासन से बात की, लेकिन कोई ठोस निष्कर्ष नहीं निकल सका। कॉलेज प्रशासन ने उच्च अधिकारियों से बात करने की बात कही। जब कॉलेज प्रशासन से इस मामले पर प्रतिक्रिया लेने का प्रयास किया गया, तो उन्होंने कुछ भी कहने से इनकार कर दिया।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



