ग्रेटर नोएडा में नॉलेज पार्क स्थित गर्ल्स हॉस्टल में आग लग गई। छात्रावास में आग लगने का खौफनाक वीडियो भी सामने आया है। कमरे में धुआं भरते देख छात्राओं में अफरा-तफरी मच गई। छात्राएं कमरे से निकलकर चिल्लाने लगीं। आसपास के लोग पहुंचे। पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। 5 मंजिला हॉस्टल में 160 छात्राएं फंसी हुई थीं। घबराकर दो छात्राओं ने दूसरी मंजिल से छलांग लगा दी। यह घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। वीडियो में दिखाई दे रहा है कि एक छात्रा बिल्डिंग से उतरने की कोशिश कर रही है, लेकिन वह अचानक से नीचे गिर गई। बिल्डिंग से नीचे गिरी छात्रा को चोट भी लगी है। हालांकि, उसकी दूसरी साथी सावधानी से नीचे उतर गई। उसे कोई चोट नहीं आई है।
घटना गुरुवार शाम नॉलेज पार्क स्थित अन्नपूर्णा गर्ल्स हॉस्टल की है। इसका वीडियो आज सामने आया है। दमकल विभाग की टीम ने एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। सभी छात्राओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
एफएसओ विनोद कुमार पांडे ने बताया कि नॉलेज पार्क स्थित अन्नपूर्णा गर्ल्स हॉस्टल की दूसरी मंजिल पर गुरुवार शाम 5 बजे आग लग गई। जांच में पता चला कि एसी का कंप्रेसर फटने से आग लगी थी। पांच मंजिला इमारत में धुआं भर गया था, जिससे दमकल कर्मियों को भी अंदर जाने में मुश्किल हो रही थी। दमकल कर्मियों ने हॉस्टल की दूसरी मंजिल पर फंसी छात्राओं को सीढ़ियों के जरिए सुरक्षित बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया। एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और सभी 160 छात्राओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
घटना के बाद हॉस्टल की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। प्रशासन अब यह जांच कर रहा है कि हॉस्टल में आग से बचाव के पूरे इंतजाम थे या नहीं। साथ ही यह भी देखा जा रहा है कि क्या हॉस्टल के पास फायर सेफ्टी के जरूरी उपकरण और NOC थी या नहीं।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



