google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

विशेष सड़क सुरक्षा अभियान में 113 बिना हेलमेट वाहन चालकों का चालान

ओवरलोडिंग, ओवरस्पीडिंग और गलत दिशा में वाहन चलाने वालों पर भी कार्रवाई

समाज जागरण
शिव तिवारी
बड़ागांव, वाराणसी

जनपद में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने एवं यातायात नियमों के प्रभावी अनुपालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बुधवार को विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया गया। यह अभियान ए.आर.टी.ओ. प्रवर्तन वाराणसी सुधांशु रंजन तथा यात्रीकर अधिकारी वाराणसी अखिलेश पाण्डेय के नेतृत्व में संचालित किया गया। अभियान के दौरान सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख कारणों से जुड़े यातायात उल्लंघनों के विरुद्ध सघन जांच एवं कार्रवाई की गई।

अधिकारियों ने बताया कि सड़क सुरक्षा मानव जीवन की सुरक्षा से सीधे जुड़ा विषय है। अधिकांश सड़क दुर्घटनाएं तेज गति, हेलमेट और सीट बेल्ट का प्रयोग न करना, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग करना तथा गलत दिशा में वाहन चलाने जैसी लापरवाहियों के कारण होती हैं। यातायात नियमों का पालन न केवल स्वयं की सुरक्षा बल्कि अन्य लोगों के जीवन की रक्षा के लिए भी आवश्यक है।

विशेष अभियान के दौरान बिना हेलमेट वाहन चलाने पर 113 चालान किए गए, जबकि सीट बेल्ट का प्रयोग न करने पर 40 वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। गलत दिशा में वाहन चलाने के 70 मामलों में चालान किया गया। वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग करने पर 15 चालान किए गए। शराब पीकर वाहन चलाने के एक मामले में भी कार्रवाई की गई।

इसके अतिरिक्त मालवाहक वाहनों में अवैध रूप से सवारी ढोने पर 4 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई। बिना प्राधिकृत संचालन करने वाली 5 बसों का चालान किया गया। ओवरलोडिंग करने वाले 10 मालवाहक वाहनों तथा ओवरस्पीडिंग के 12 मामलों में भी कार्रवाई की गई। विगत 24 घंटों में कुल 8 वाहनों को सीज किया गया है। साथ ही संबंधित अपराधों की गंभीरता के आधार पर चालानित वाहनों के पंजीकरण प्रमाणपत्र (आरसी) एवं वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबन की कार्रवाई भी की जाएगी।

गौरतलब है कि परिवहन आयुक्त के निर्देशानुसार 19 मई से 31 मई 2026 तक विशेष सड़क सुरक्षा अभियान संचालित किया जा रहा है, जिसके अंतर्गत जनपद में लगातार प्रवर्तन एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

प्रशासन ने जनसामान्य से अपील की है कि वाहन चलाते समय हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें, निर्धारित गति सीमा का पालन करें तथा मोबाइल फोन का उपयोग न करें। थोड़ी सी सावधानी अनेक बहुमूल्य जीवनों को सुरक्षित रख सकती है।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)