नोएडा, 25 मार्च 2026 (संदीप गर्ग): महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा और जागरूकता को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ‘मिशन शक्ति 5.0’ (द्वितीय चरण) के अंतर्गत बुधवार को गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट में 2 नए पुलिस पिंक बूथ का उद्घाटन किया गया।
पुलिस कमिश्नर श्रीमती लक्ष्मी सिंह ने थाना बिसरख क्षेत्र के गौर सिटी-2 (महागुन मायवुड्स सोसाइटी के पास) तथा राइज चौक क्षेत्र (इको विलेज-1 सोसाइटी के पास) में स्थापित इन नवनिर्मित पिंक बूथों का लोकार्पण किया। इसके साथ ही कमिश्नरेट में संचालित पिंक बूथों की कुल संख्या अब 29 हो गई है।
बताया गया कि ये पिंक बूथ उन स्थानों पर स्थापित किए गए हैं, जहां महिलाओं की आवाजाही अधिक रहती है। इन बूथों पर महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती रहेगी, ताकि महिलाएं बिना किसी झिझक के अपनी शिकायत दर्ज करा सकें और उन्हें त्वरित पुलिस सहायता मिल सके।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस कमिश्नर ने उपस्थित महिलाओं और बालिकाओं को संबोधित करते हुए उन्हें निडर होकर अपनी समस्याएं पुलिस तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि पिंक बूथ महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
इस अवसर पर बच्चों को अध्ययन सामग्री जैसे बैग, किताबें, पानी की बोतल और टिफिन भी वितरित किए गए।
मिशन शक्ति 5.0 के तहत महिला पुलिसकर्मी लगातार विभिन्न क्षेत्रों में जाकर महिलाओं को आत्मरक्षा, साइबर सुरक्षा एवं कानून संबंधी जानकारी दे रही हैं। स्कूलों, सोसाइटियों, मेट्रो स्टेशनों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान अपर पुलिस आयुक्त मुख्यालय अजय कुमार, डीसीपी सेंट्रल नोएडा शक्ति मोहन अवस्थी, प्रभारी डीसीपी महिला सुरक्षा अनुकृति शर्मा, एडीसीपी आर. के. गौतम, एसीपी पवन कुमार सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
महिलाओं को हेल्पलाइन नंबर 1090, आपातकालीन सेवा 112, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, वन स्टॉप सेंटर 181, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 और साइबर हेल्पलाइन 1930 की जानकारी भी दी गई।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



