3 लाख श्रद्धालुओं ने ‘ओलार्क’ सूर्य मंदिर में टेका मत्था
समाज जागरण पटना जिला संवाददाता:- वेद प्रकाश
पटना/ जिले के द्वापरकालीन ऐतिहासिक और पौराणिक महत्ता के लिए विश्व प्रसिद्ध उलार गांव स्थित ओलार्क सूर्य मंदिर में बुधवार को चैती छठ महापर्व का भव्य समापन हुआ। भगवान श्रीकृष्ण के पुत्र राजा शांब द्वारा स्थापित इस पावन नगरी में अस्ताचलगामी और उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के लिए जनसैलाब उमड़ पड़ा। अनुमंडल प्रशासन के अनुसार, इस वर्ष लगभग 3 लाख श्रद्धालुओं ने पवित्र तालाब में डुबकी लगाकर भगवान भास्कर की आराधना की। मंदिर के महंत बाबा अवध बिहारी दास ने बताया कि देश की 12 प्रमुख अर्क स्थलियों (जैसे कोणार्क, देवार्क, लोलार्क) में से एक ‘ओलार्क’ का विशेष महत्व है। मान्यता है कि यहाँ छठ व्रत करने से निःसंतान दंपतियों को संतान सुख और असाध्य रोगों से मुक्ति मिलती है। यही कारण है कि चैती और कार्तिक छठ दोनों ही मौकों पर यहाँ की प्रसिद्धि और भीड़ लगातार बढ़ती जा रही है।
भीड़ को देखते हुए पालीगंज एसडीओ चंदन कुमार और डीएसपी-1 राजीव चंद्र सिंह के नेतृत्व में प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। पूरे मेला परिसर में सीसीटीवी कैमरे और नियंत्रण कक्ष से निगरानी की गई। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए एसडीआरएफ की टीम नावों के साथ तालाब में पेट्रोलिंग करती रही।
वही महिला व्रतियों के लिए चेंजिंग रूम, स्वच्छ पेयजल, मेडिकल कैंप और एंबुलेंस की तैनाती रही।
एसडीओ चंदन कुमार ने महापर्व के शांतिपूर्ण संपन्न होने पर खुशी जाहिर करते हुए सभी श्रद्धालुओं को बधाई दी। घाटों पर सुबह से ही छठी मैया के गीतों से माहौल भक्तिमय बना रहा।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



