चण्डीगढ़ /जीरकपुर। स्कूली बच्चों में स्वास्थ्य के प्रति चेतना जगाने का मुख्य उद्देश्य रख कर मौखिक स्वास्थ्य मिशन इंडिया फाउंडेशन की ओर से हमिंग बर्ड्स इंटरनेशनल स्कूल, जीरक पुर में मौखिक स्वास्थ्य जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में केवल जीरक पुर ही नहीं बल्कि आस-पड़ोस के विभिन्न क्षेत्रों से आए स्कूली बच्चों ने भाग लिया।
इस शिविर में विभिन्न कक्षाओं एवं आयु वर्गों के लगभग 250 से अधिक छात्रों की जांच डॉ. राजेश गुप्ता व उनके विभिन्न सहयोगियों ने की। चिकित्सक टीम में 7 सदस्य शामिल थे। शिविर में मुख्य रूप से एम. डी. स्कूल, सैक्टर -27 पंचकूला का भी प्रतिनिधित्व रहा। डॉक्टरों की टीम द्वारा प्रत्येक छात्र को उसकी व्यक्तिगत जाँच रिपोर्ट, पर्ची एवं उपचार स्लिप प्रदान की गई।
इसके अतिरिक्त, चिकित्सकों की टीम ने उक्त स्कूल की प्रत्येक कक्षा में जाकर विद्यार्थियों से संवाद भी किया और उन्हें सही मौखिक स्वास्थ्य बनाए रखने तथा दाँतों को सड़न/कैविटी से बचाने के उपाय भी बताए। इस अवसर पर भारत विकास परिषद के अध्यक्ष अतुल कपूर ने बताया कि बरसात के इस मौसम में हो रहे बदलाव के कारण नई नई बिमारियां जन्म ले रही हैं। बच्चों को इन दिनों स्वास्थ्य के प्रति सचेत रहना चाहिए। नाक,कान और गला में उत्पन्न होने वाली किसी भी बीमारी को हल्के में नहीं लेना चाहिए।आम बात है कि इस मौसम में कहीं चोट लगने या किसी जीव के सम्पर्क में आने से बच्चों ही नहीं बल्कि हर किसी को परेशानी झेलनी पड़ती है, तत्काल उपचार ही इस का समाधान है।
इस अवसर पर भारत विकास परिषद के अलावा शहीद भगत सिंह शाखा, ढकोली -ज़ीरकपुर एवं श्रीमती उषा गोयल, महासचिव ने भी शिविर में बच्चों को हर प्रकार का सहयोग देने का विश्वास दिलाया।
हमिंग बर्ड्स इंटरनेशनल स्कूल के प्रधानाचार्य अनिल शर्मा एवं राजेश शर्मा, निदेशक मौखिक स्वास्थ्य मिशन इंडिया फाउंडेशन, ज़ीरक पुर ने भी अपने विचार साझा किए और विश्वास दिलाया कि वे समय-समय पर छात्रों में ऐसी चेतना जागृत करने केलिए अर्पित रहेंगे।
श्रीमती वंदना शर्मा एवं सदस्य श्रीमती विजय लक्ष्मी तथा श्री सुषांत पाठक भी इस शिविर में उपस्थित रहे।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



