दैनिक समाज जागरण 29.03.2026 चांद कुमार लायेक (ब्यूरो चीफ) पूर्वी सिंहभूम जमशेदपुर
जमशेदपुर के मानगो नगर निगम क्षेत्र में टैक्स वसूली को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। नगर निगम की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, इलाके के 26 बड़े डिफॉल्टरों पर कुल 1 करोड़ 56 लाख रुपये से अधिक का होल्डिंग टैक्स बकाया है। इसके अलावा 30-40 अन्य बड़े बकायेदारों पर करीब 30 लाख रुपये का बकाया दर्ज किया गया है। निगम प्रशासन ने इन सभी को नोटिस जारी कर 31 मार्च तक भुगतान करने का अंतिम अवसर दिया है, अन्यथा कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
नगर निगम सूत्रों के अनुसार, सबसे अधिक बकाया रखने वालों में गौरीशंकर गौड़ (5 होल्डिंग) पर ₹13 लाख, दीनबंधु दत्ता (इंदु मेंशन) पर ₹13.35 लाख, समय कंस्ट्रक्शन पर ₹9 लाख और बीपीसीएल पेट्रोल पंप (4 होल्डिंग) पर ₹8.50 लाख शामिल हैं। इसके अलावा निशाचर गौर (सरस्वती भवन) पर ₹7 लाख, सविता देवी (धर्म कांटा) पर ₹4.27 लाख, मृत्युंजय चौधरी पर ₹4.23 लाख और विनोद कुमार सिंह (सिटी इन होटल) पर ₹3.31 लाख का बकाया है।
अन्य प्रमुख बकायेदारों में वार्ड पार्षद प्रत्याशी ललिता प्रधान पर ₹2.21 लाख, अनूप कुमार राय पर ₹1.85 लाख, मुख्तार अहमद पर ₹1.82 लाख, सी. प्रदीप कुमार नायडू एवं सी. किशोर कुमार नायडू पर ₹1.78 लाख, योगेंद्र प्रसाद पर ₹1.74 लाख तथा अब्दुल खालिक पर ₹1.70 लाख का बकाया शामिल है। वहीं रीमा घोष एवं मनोहर कुमार घोष पर ₹1.68 लाख, सरबजीत सिंह (मिनी पंजाब होटल) पर ₹1.60 लाख, शिवजी सिंह पर ₹1.19 लाख, रेणुका गुप्ता पर ₹1.15 लाख, मो. इलियास पर ₹1.09 लाख और बीरेंद्र पांडे पर ₹1.06 लाख बकाया है।
नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय सीमा के बाद बकायेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके तहत बैंक खाते फ्रीज करना, चल-अचल संपत्ति जब्त करना और नगर निगम अधिनियम के तहत अन्य कानूनी कदम उठाए जा सकते हैं।
वहीं, राजस्व वसूली के मोर्चे पर निगम का प्रदर्शन संतोषजनक रहा है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में प्रॉपर्टी टैक्स के ₹13.85 करोड़ के लक्ष्य के मुकाबले ₹12.36 करोड़ की वसूली की गई, जो लगभग 90 प्रतिशत है। वाटर यूजर चार्ज में ₹3.06 करोड़ के लक्ष्य के विरुद्ध ₹2.69 करोड़ (88 प्रतिशत) की वसूली हुई है। वहीं ट्रेड लाइसेंस में ₹27.50 लाख के लक्ष्य के मुकाबले ₹26.80 लाख (98 प्रतिशत) की वसूली दर्ज की गई है।
इस अभियान का नेतृत्व उपनगर आयुक्त कृष्ण कुमार और सिटी मैनेजर प्रदीप कुमार कर रहे हैं। उनके निर्देशन में सर्कल मैनेजर शिवम कुमार, पंकज कुमार, सुमित सिंह, प्रेम गुप्ता, अमित दत्ता, सुमित दत्त, राहुल हालदार, रियाज अहमद, संजय पासवान और मंगल सिंह सहित पूरी टीम सक्रिय रूप से वसूली अभियान में जुटी हुई है।
मानगो नगर निगम ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे समय पर अपना टैक्स जमा करें, ताकि शहर के विकास कार्यों को गति मिल सके और अनावश्यक कानूनी कार्रवाई से बचा जा सके।



