वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो किशनगंज।
कोचाधामन थाना क्षेत्र में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 264.28 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद की है। इस दौरान एक वाहन जब्त करते हुए एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देशन में जिले में शराब एवं अन्य मादक पदार्थों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार को कोचाधामन थाना पुलिस को सूचना मिली कि पश्चिम बंगाल से एक वाहन के माध्यम से अवैध विदेशी शराब को छिपाकर बिहार लाया जा रहा है। सूचना के सत्यापन के लिए चरधरिया चेक पोस्ट पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया।
जांच के दौरान किशनगंज की ओर आ रही एक संदिग्ध कार को रोका गया। तलाशी लेने पर काले रंग की टाटा कंपनी की नेक्सॉन कार (संख्या- BR37AB2668) से विभिन्न ब्रांड की कुल 264.28 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई।
इस मामले में कोचाधामन थाना कांड संख्या 208/26, दिनांक 13 अप्रैल 2026, के तहत बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम, 2022 की धारा 30 (ए) के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान रोहित चौधरी (उम्र लगभग 38 वर्ष), पिता कैलाश चौधरी, निवासी वार्ड संख्या-23, रूईधासा, थाना एवं जिला किशनगंज के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी के पास से 30,200 रुपये नकद एवं एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है। जब्त वाहन को भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है।
पुलिस द्वारा इस मामले में आगे की कार्रवाई जारी है। साथ ही तस्करी नेटवर्क के फॉरवर्ड एवं बैकवर्ड लिंक की जांच की जा रही है तथा फरार आरोपियों की पहचान के लिए तकनीकी विश्लेषण किया जा रहा है। मामले से जुड़े तस्करों की अवैध संपत्ति का पता लगाकर उसे जब्त करने की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी।



