google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 266 जोड़ों ने थामा एक-दूजे का हाथ, मुस्लिम जोड़ों का भी हुआ निकाह

समाज जागरण/ मनोज कुमार चौबे

चोपन/ सोनभद्र। समाज कल्याण विभाग द्वारा मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत शनिवार को चोपन स्थित रेलवे फुटबॉल मैदान में भव्य सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। इसमें जनपद के दस विकासखंडों और चार नगर निकायों के कुल 266 जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया। समारोह में हिंदू रीति-रिवाजों के साथ मुस्लिम जोड़ों का निकाह भी कराया गया। इस दौरान नवविवाहित जोड़ों के परिजन और रिश्तेदार भी मौजूद रहे। कार्यक्रम में समाज कल्याण राज्यमंत्री संजीव कुमार गौड़ मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। सामूहिक विवाह कार्यक्रम में चोपन और म्योरपुर समेत कई विकासखंडों से शत-प्रतिशत टोकन कटवाने वाले जोड़े विवाह स्थल पर पहुंचे। वहीं, कुछ ब्लॉकों से एक-दो जोड़ों को छोड़कर लगभग सभी पंजीकृत जोड़े समारोह में शामिल हुए। मुस्लिम जोड़ों का निकाह मौलाना द्वारा संपन्न कराया गया, जिसमें उनके परिजन भी शामिल रहे। हालांकि, समारोह में कुछ जोड़ों ने विवाह की व्यवस्थाओं को लेकर अपनी आपत्ति भी जताई। उनका कहना था कि विवाह स्थल पर उन्हें अपने पंडित उपलब्ध नहीं कराए गए, जिसके चलते वे अपनी इच्छानुसार विधि-विधान के साथ विवाह की रस्में पूरी नहीं कर सके। हालांकि राज्यमंत्री द्वारा आयोजन की ओर से विवाह संस्कार संपन्न कराने के लिए आचार्यों की व्यवस्था किए जाने की बात कही गई।

266 जोड़ों का विवाह, नौ अंतर्जातीय जोड़े भी शामिल-:

समाज कल्याण राज्यमंत्री संजीव कुमार गौड़ ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार गरीब, असहाय और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों के विवाह की जिम्मेदारी निभा रही है। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के माध्यम से ऐसे परिवारों को बड़ी राहत मिल रही है, जो आर्थिक तंगी के कारण अपनी बेटियों का विवाह धूमधाम से नहीं करा पाते। उन्होंने बताया कि समाज कल्याण विभाग की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में कुल 266 जोड़ों का विवाह संपन्न हुआ, जिसमें नौ अंतर्जातीय जोड़े भी शामिल रहे। जनपद के सभी दस विकासखंडों से पात्र लाभार्थियों ने कार्यक्रम में प्रतिभाग किया।

प्रत्येक जोड़े पर 1.15 लाख रुपये की व्यवस्था-:

राज्यमंत्री ने योजना के तहत मिलने वाली सहायता की जानकारी देते हुए बताया कि प्रत्येक जोड़े पर कुल 1.15 लाख रुपये की व्यवस्था की जाती है। इसमें 60 हजार रुपये कन्या के बैंक खाते में दिए जाते हैं, 40 हजार रुपये की विवाह सामग्री उपहार स्वरूप प्रदान की जाती है तथा 15 हजार रुपये भोजन एवं अन्य व्यवस्थाओं पर खर्च किए जाते हैं। उन्होंने कहा कि विवाह संस्कार को विधि-विधान से संपन्न कराने के लिए आचार्यों की व्यवस्था की गई थी और सभी वर-वधुओं का विवाह वैदिक मंत्रोच्चार के साथ कराया गया।

स्कूली बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों से बांधा समां-:

कार्यक्रम के दौरान उच्च प्राथमिक विद्यालय गड़ईडीह के बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर लोगों का मन मोह लिया। अध्यापक अरविंद कुमार, सविता सिंह, पटेल, कंचन, वैजयंती माला और मीरा सिंह की मौजूदगी में बच्चों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। उपस्थित लोगों ने बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना की।

वहीं, थाना प्रभारी निरीक्षक गोपाल जी गुप्ता की देखरेख में विवाह स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त दिखाई दी। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए महिला कांस्टेबल समेत पुलिसकर्मी भी तैनात रहे। इस मौके पर राज्यमंत्री संजीव कुमार गौड़ ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना आगे भी जारी रहेगी। आवेदन प्राप्त होने के अनुसार अलग-अलग विकासखंडों में निर्धारित तिथियों पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि कोई भी पात्र गरीब परिवार योजना के लाभ से वंचित न रहे। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार व्यक्त करते हुए योजना को गरीब परिवारों की बेटियों के सम्मान, सुरक्षा और खुशहाल भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)