विवेक कुमार दैनिक समाज जागरण संवाददाता
निगोहां, लखनऊ। थाना समाधान दिवस के अवसर पर शनिवार को निगोहां थाना परिसर में फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया। डीसीपी मो० मुश्ताक के निर्देशन में आयोजित समाधान दिवस में थाना प्रभारी रविंद्र कुमार ने फरियादियों की शिकायतें सुनीं और उनके त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।इस दौरान क्षेत्र के विभिन्न गांवों से पहुंचे फरियादियों ने अपनी समस्याओं और शिकायतों को पुलिस अधिकारियों के समक्ष रखा।
इनमें मुख्य रूप से जमीन से जुड़े विवाद और अन्य स्थानीय समस्याएं शामिल रहीं। थाना प्रभारी रविंद्र कुमार ने प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित पक्षों से जानकारी प्राप्त की और नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए।समाधान दिवस में कई शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जिससे फरियादियों को तत्काल राहत मिली। वहीं, जमीन से संबंधित मामलों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित क्षेत्रीय लेखपालों को सौंपा गया और स्थलीय जांच कर निष्पक्ष तरीके से निस्तारण करने के निर्देश दिए गए।
थाना प्रभारी ने संबंधित कर्मचारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और प्रत्येक मामले का समयबद्ध तरीके से समाधान सुनिश्चित किया जाए। साथ ही फरियादियों की समस्याओं का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करते हुए उन्हें अनावश्यक रूप से थाने और तहसील के चक्कर न लगाने पड़ें।
पुलिस प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया कि आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान करना प्राथमिकता है। थाना समाधान दिवस के माध्यम से पुलिस और राजस्व विभाग के अधिकारियों के समन्वय से शिकायतों का निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.