वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो किशनगंज।
बहादुरगंज थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 302.750 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद की है। इस दौरान तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे दो वाहनों को भी जब्त किया गया।
पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देशन में जिले में शराब एवं अन्य मादक पदार्थों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाकर वाहनों की जांच की जा रही है। इसी क्रम में रविवार को धनपुरा पुलिस पिकेट को गुप्त सूचना मिली कि एक वाहन के माध्यम से पश्चिम बंगाल से अवैध विदेशी शराब छिपाकर बिहार लाया जा रहा है।
सूचना के सत्यापन के लिए लोहागाड़ा के समीप वाहनों की सघन जांच की जा रही थी। इसी दौरान पौआखाली की ओर से आ रहे दो संदिग्ध वाहनों को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन वाहन चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए।
जांच के दौरान टाटा नेक्सॉन (पंजीकरण संख्या बीआर 11 बीजे 2665) से विभिन्न ब्रांड की पश्चिम बंगाल निर्मित कुल 302.750 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद की गई। वहीं शराब की खेप को पार कराने में प्रयुक्त मारुति सुजुकी डिजायर (पंजीकरण संख्या बीआर 11 बीपी 4635) को भी पुलिस ने जब्त कर लिया।
इस संबंध में बहादुरगंज थाना में कांड संख्या 166/26 दर्ज कर बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम 2018 की धारा 30(ए), 32, 36 एवं 41 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस फरार तस्करों की पहचान एवं गिरफ्तारी के लिए तकनीकी जांच कर रही है। साथ ही इस अवैध कारोबार से अर्जित संपत्ति का भी पता लगाया जा रहा है।
छापेमारी दल में थानाध्यक्ष संदीप कुमार, दिलशाद खान, राम बाबू चौधरी, मुकेश कुमार, सुनील कुमार सहित सशस्त्र बल, चालक सिपाही एवं चौकीदार शामिल थे।



