google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

पटना के बाढ़ में गंगा नदी में नाव पलटी

3 की मौत, 4 लापता; मची चीख-पुकार

समाज जागरण पटना जिला संवाददाता:- वेद प्रकाश

पटना/ जिले के बाढ़ अनुमंडल स्थित उमानाथ गंगा घाट के समीप गुरुवार की सुबह एक हृदयविदारक नाव हादसा हुआ। गंगा की तेज धारा में नाव पलटने से तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि चार लोग अब भी लापता हैं। इस त्रासदी ने मासूमगंज बिंद टोली गांव में मातम फैला दिया है। जानकारी के अनुसार, बाढ़ थाना क्षेत्र के मासूमगंज बिंद टोली के 14 ग्रामीण सुबह करीब पौने छह बजे नाव से खेती और सब्जी तोड़ने के काम से समस्तीपुर जिले के सुल्तानपुर दियारा गए थे। काम निपटाकर वापस लौटते समय गंगा के बीच धारा में अचानक मौसम खराब हो गया और तेज हवाएं चलने लगीं।

नाव असंतुलित होकर पलट गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नाव पर क्षमता से अधिक लोग सवार थे और सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं थे। हादसे में जान गंवाने वालों में नीलम कुमारी (30), श्रवण महतो (36) और काशी कुमार (15) शामिल हैं। घायलों में श्रवण कुमार, राहुल कुमार, ममता देवी, कबूतरी कुमारी और एक 16 वर्षीय किशोरी को स्थानीय मल्लाहों व गोताखोरों ने सुरक्षित बाहर निकाला, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। अभी भी चार लोग लापता हैं, जिनकी तलाश में राज्य आपदा मोचन बल (SDRF) और स्थानीय गोताखोरों का सर्च ऑपरेशन जारी है।

हादसे के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि प्रशासन नाव परिचालन के सुरक्षा मानकों के प्रति गंभीर नहीं है। नावों पर क्षमता से अधिक सवारियां बिठाई जाती हैं और लाइफ जैकेट जैसी जरूरी सुविधाएं नदारद रहती हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई और नदी घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने की मांग की है।घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने कहा कि लापता लोगों की खोजबीन पूरी तत्परता से की जा रही है। जिला प्रशासन ने पीड़ित परिवारों को हरसंभव सरकारी सहायता देने का आश्वासन दिया है। हादसे की खबर मिलते ही बिंद टोली गांव में सन्नाटा पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। फिलहाल, पूरे इलाके में पुलिस बल तैनात है और लापता लोगों की तलाश के लिए नदी में सघन निगरानी की जा रही है। यह हादसा एक बार फिर नदी क्षेत्रों में बढ़ते खतरों और सुरक्षा की अनदेखी पर गंभीर सवाल खड़ा कर गया है।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)