पटना के दीघा सब्जी मंडी में गैस पाइपलाइन फटने से भीषण आग, मची अफरा-तफरी

समाज जागरण पटना जिला संवाददाता:- वेद प्रकाश

पटना/ राजधानी के दीघा सब्जी मंडी इलाके में बुधवार देर रात गैस पाइपलाइन में रिसाव के बाद लगी भीषण आग से अफरा-तफरी मच गई। आग की लपटें इतनी ऊंची थीं कि पूरे इलाके में दहशत फैल गई। गनीमत रही कि समय रहते अग्निशमन विभाग ने मोर्चा संभाल लिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। मिली जानकारी के अनुसार, घटना उस समय हुई जब दीघा सब्जी मंडी के पास बिजली विभाग का कार्य चल रहा था। काम के दौरान खुदाई में गेल इंडिया लिमिटेड की गैस पाइपलाइन कट गई, जिससे गैस का जोरदार रिसाव शुरू हो गया। देखते ही देखते आग की लपटें भड़क उठीं।

घनी आबादी और रिहायशी इलाका होने के कारण स्थानीय लोगों में पाइपलाइन में विस्फोट होने का डर समा गया। भय के मारे लोग अपने घरों से बाहर निकल आए और घटनास्थल से दूर रहने में ही अपनी भलाई समझी। सूचना मिलते ही लोदीपुर अग्निशमन अनुमंडल पदाधिकारी इंद्रजीत कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पांच दमकल गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू हुआ। गैस रिसाव लगातार जारी रहने के कारण आग बुझाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। करीब आधे घंटे की कड़ी जद्दोजहद के बाद गैस आपूर्ति बंद कराई गई, जिसके बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाया जा सका।

अग्निशमन पदाधिकारी इंद्रजीत कुमार ने बताया कि प्राथमिक जांच में बिजली विभाग के कार्य के दौरान लापरवाही सामने आई है। उन्होंने कहा कि समय पर दमकल टीम के पहुंचने से एक बड़ी आपदा टल गई। प्रशासन ने लोगों को आगाह किया है कि गैस पाइपलाइन वाले क्षेत्रों में खुदाई या निर्माण कार्य के दौरान अत्यधिक सावधानी बरतें। भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए प्रशासन अब पूरे मामले की गहन जांच कर रहा है। इस घटना के बाद इलाके में सुरक्षा मानकों और एजेंसियों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है, लेकिन इस हादसे ने घनी आबादी के बीच गैस पाइपलाइन की सुरक्षा को लेकर एक बड़ी चिंता पैदा कर दी है।

Leave a Reply

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)