google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

पटना में टेंडर माफिया रिशु गिरफ्तार

एसवीयू ने कसा शिकंजा, 2 हजार करोड़ के स्कैम का है आरोपी

समाज जागरण पटना जिला संवाददाता:- वेद प्रकाश

पटना/ विशेष निगरानी इकाई (एसवीयू) ने बिहार के चर्चित टेंडर माफिया और ठेकेदार रिशु श्री उर्फ रिशु रंजन सिन्हा को भ्रष्टाचार के एक बड़े मामले में गिरफ्तार कर लिया है। एसवीयू के वरिष्ठ अधिकारियों ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि रिशु श्री को न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जा रहा है। जांच एजेंसी जरूरत पड़ने पर न्यायालय से उसकी रिमांड लेकर और अधिक गहन पूछताछ करेगी।रिशु श्री की गिरफ्तारी से एक दिन पहले, बुधवार को एसवीयू ने उसके पटना स्थित आवासीय परिसरों पर छापेमारी की थी। इस छापेमारी में जो कुछ सामने आया, उसने जांचकर्ताओं को भी हैरान कर दिया। पुलिस को उसके घर से लगभग 2 करोड़ रुपये मूल्य का सोना, ढाई लाख रुपये नकद और 61 सेल डीड (जमीन के कागजात) बरामद हुए हैं।

ये संपत्ति उसकी आय के ज्ञात स्रोतों से कहीं अधिक बताई जा रही है। रिशु श्री का नाम तब सुर्खियों में आया जब ईडी ने आईएएस अधिकारी संजीव हंस और पूर्व विधायक गुलाब यादव के ठिकानों पर छापेमारी की थी। जांच के दौरान रिशु का नाम उभरकर सामने आया। आरोप है कि रिशु ने राज्य के कई भ्रष्ट आईएएस अधिकारियों के साथ मिलकर एक मजबूत नेटवर्क बनाया था। इस गोपनीय सांठगांठ की बदौलत उसने बिहार के विभिन्न विभागों में सैकड़ों करोड़ की निविदाओं (टेंडरों) को बाहरी कंपनियों के लिए मैनेज किया।

एसवीयू की चार्जशीट के अनुसार, रिशु श्री ने नीतीश सरकार के कार्यकाल में तकरीबन 2 हजार करोड़ रुपये से अधिक के ‘बिग टेंडर स्कैम’ को अंजाम दिया है। इस बड़े घोटाले को लेकर एसवीयू ने अप्रैल 2025 में रिशु श्री के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी। तब से ही एजेंसी मामले की जांच में जुटी थी। इस गिरफ्तारी को भ्रष्टाचार के खिलाफ बिहार सरकार और एसवीयू की एक बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि इस मामले में अन्य संलिप्त अधिकारियों और बिचौलियों पर भी जल्द ही शिकंजा कसा जाएगा।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)