google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

पटना में पुलिस के साथ मुठभेड़ के दौरान एक अपराधी को लगी गोली

समाज जागरण पटना जिला संवाददाता:- वेद प्रकाश

पटना/ सोमवार की देर रात फुलवारी शरीफ के जानीपुर थाना क्षेत्र में पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान दोनों ओर से ताबड़तोड़ फायरिंग हुई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में कुख्यात अपराधी दीपक के पैर में गोली लगी और उसे मौके से ही गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने घायल हालत में उसे इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया है। घटना के बाद इलाके में भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है और सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया गया है। सूत्रों के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुख्यात दीपक अपने गिरोह के साथ जानीपुर इलाके में छिपा हुआ है और किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में है। जानकारी के आधार पर पुलिस की विशेष टीम ने इलाके में दबिश दी। जैसे ही पुलिस अपराधियों के ठिकाने के करीब पहुंची, गिरोह ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने भी मोर्चा संभाला और पलटवार किया। इसी दौरान दीपक के पैर में गोली लग गई और वह घायल होकर गिर पड़ा। मौके का फायदा उठाते हुए उसके अन्य साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। घटना की गंभीरता को देखते हुए फौरन वरीय पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। पूरे इलाके को घेरकर छानबीन शुरू कर दी गई। फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम को भी बुलाया गया ताकि घटनास्थल से बरामद कारतूस और हथियारों की जांच की जा सके। पुलिस का कहना है कि मौके से कई अहम सुराग मिले हैं, जिनके आधार पर दीपक के बाकी गुर्गों की तलाश की जा रही है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि दीपक पटना का एक कुख्यात अपराधी है। उसके खिलाफ हत्या, रंगदारी, लूट और अवैध हथियार रखने जैसे कई संगीन मामले दर्ज हैं।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)