मुख्यमंत्री से हुई पूर्व चर्चा का दिया हवाला, नगर आयुक्त ने शीघ्र कार्यवाही का दिया आश्वासन
आगरा, संजय साग़र सिंह। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं भारतीय जाटव समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र सिंह और प्रदेश अध्यक्ष नेत्रपाल सिंह ने सोमवार को नगर निगम आगरा स्थित कार्यालय में नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान कालिंदी विहार रोड, शाहदरा स्थित बुद्धा पार्क के समग्र विकास को लेकर विस्तृत चर्चा की गई एवं एक ज्ञापन भी सौंपा गया।
वरिष्ठ नेता उपेंद्र सिंह ने नगर आयुक्त को अवगत कराया कि 3 अगस्त को भारतीय जाटव समाज का एक प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ महाराजजी से लखनऊ में मुलाकात कर बुद्धा पार्क के विकास की मांग कर चुका है। मुख्यमंत्री जी ने प्रतिनिधिमंडल को सकारात्मक आश्वासन देते हुए कहा था कि आगरा के सर्वांगीण विकास के लिए बुद्धा पार्क को प्राथमिकता के आधार पर विकसित किया जाएगा और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी दिए जाएंगे।
उक्त प्रतिनिधिमंडल में उपेंद्र सिंह, नेत्रपाल सिंह, अनिल कुमार, लोकेश प्रधान और तेज कपूर शामिल थे। प्रतिनिधिमंडल द्वारा मुख्यमंत्री को सौंपे गए मांग पत्र पर अब प्रभावी कार्यवाही प्रारंभ हो चुकी है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा जारी आदेश की प्रति आज नगर आयुक्त को भी सौंपी गई।
नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त करते हुए बताया कि बुद्धा पार्क के विकास हेतु कार्य योजना तैयार की जा चुकी है। शीघ्र ही एक तकनीकी प्रतिनिधिमंडल स्थल का भ्रमण करेगा। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि वह स्वयं पूर्व में बुद्धा पार्क का निरीक्षण कर चुके हैं और परियोजना को शीघ्र क्रियान्वयन में लाया जाएगा।
नामकरण से जुड़ी अफवाहों पर स्पष्ट करते हुए नगर आयुक्त ने भरोसा दिलाया कि पार्क का नाम “बुद्धा पार्क” ही रहेगा और इसमें किसी प्रकार का परिवर्तन नहीं किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि यह पार्क लगभग 30 बीघा क्षेत्रफल में फैला हुआ है, और इसके साथ-साथ आस-पास के समूचे क्षेत्र को भी समुचित रूप से विकसित किया जाएगा।
भारतीय जाटव समाज की इस पहल को स्थानीय नागरिकों एवं सामाजिक संगठनों ने सराहा है और आशा व्यक्त की है कि बुद्धा पार्क शीघ्र ही एक आकर्षक और सर्वसुविधायुक्त सार्वजनिक स्थल के रूप में विकसित होगा।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



