google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

महिला बन लूट करने वाले गिरोह का खुलासा, गिरोह के तीन सदस्य गिरफ्तार, 18 मोबाइल, नकदी, महिला वेश के कपड़े और श्रृंगार का सामान बरामद

अनिल कुमार अग्रहरी/ समाज जागरण

डाला/ सोनभद्र। पुलिस ने महिला का वेश धारण कर ट्रकों व अन्य वाहनों से लूटपाट करने वाले एक गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इस गिरोह के पांच अन्य सदस्य अभी फरार हैं। पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से 18 मोबाइल फोन, नकदी, महिला वेश के कपड़े और श्रृंगार का सामान बरामद किया है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने पुलिस लाइन सभागार में मामले का खुलासा करते हुए बताया कि मुखबिर की सूचना पर चोपन थाना और डाला चौकी पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई की। पुलिस ने तेलगुड़वा चौराहे के आगे शौचालय के पास सड़क किनारे जंगल में घेराबंदी कर झपट्टामारी की योजना बना रहे गैंग के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया। हालांकि, गैंग के पांच अन्य सदस्य अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान रॉबर्ट्सगंज स्थित सर्किट हाउस के पास घसिया बस्ती निवासी अटल घसिया (25), गाजीपुर के नगसर निवासी रोहित विश्वकर्मा (26) और कोन के नौडीहा निवासी धनंजय सिंह उर्फ तूफान सिंह (18) के रूप में हुई है। फरार आरोपियों में घसिया बस्ती निवासी सोनू, शिवकुमार, विकास यादव तथा कोन निवासी कृष्णा सिंह और पिंटू घसिया शामिल हैं। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि 22 तारीख को चोपन थाने में संतोष प्रजापति की शिकायत पर एक अभियोग पंजीकृत किया गया था। वादी ने बताया कि जब वह चोपन क्षेत्र से रॉबर्ट्सगंज की ओर अपने पिकअप ट्रक से आ रहे थे, तो कुछ लड़के और लड़कियों ने उन्हें रोककर ट्रक से उतारा और उनका फोन छीनकर भाग गए। पुलिस द्वारा जांच और विवेचना के बाद कुल 8 अभियुक्तों के नाम सामने आए। इनमें से तीन अभियुक्तों, अटल घसिया, रोहित विश्वकर्मा और धनंजय सिंह उर्फ तूफान सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है। अटल घसिया पर पहले से ही लूट, डकैती और गैंगस्टर के 4 मुकदमे दर्ज हैं। गिरोह के अन्य पांच सदस्य सोनू, शिवकुमार, विकास, कृष्णा सिंह और पिंटू घसिया अभी फरार हैं। यह गिरोह लड़कियों का भेष धारण कर लोगों को रोककर मोबाइल फोन छीन लेता था। कभी-कभी इनके साथी मिलकर जंगल में ले जाकर लूट की घटना को भी अंजाम देते थे। सोनू इस गिरोह का मुख्य अभियुक्त है और अभी फरार है। गिरफ्तार किए गए तीनों अभियुक्तों के पास से चोरी और छिनैती के 18 मोबाइल फोन, नकदी, लेडीज सूट, श्रृंगार का सामान और बुर्का बरामद किया गया है। अभियुक्तों ने बताया कि वे छीने गए सभी फोन बिहार में अपने किसी परिचित को बेचते थे। पुलिस सभी अभियुक्तों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई करेगी। फरार अभियुक्तों की जमानतदारों की भी पहचान की जा रही है ताकि वे आसानी से जेल से बाहर न आ सकें। अन्य जनपदों से भी अभियुक्तों की आपराधिक जानकारी जुटाई जा रही है।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)