प्रतीकात्मक चेक वितरण के साथ मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का हुआ सजीव प्रसारण
समाज जागरण
मीरजापुर। विकास भवन सभागार में शिक्षामित्र सम्मान एवं बढ़ा हुआ मानदेय वितरण समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शिक्षामित्रों को सम्मानित करने के साथ बढ़े हुए मानदेय का प्रतीकात्मक चेक भी वितरित किया गया।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में नगर विधायक रत्नाकर मिश्र उपस्थित रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में मड़िहान विधायक रमाशंकर सिंह पटेल, मझवां विधायक सुचिस्मिता मौर्य, जिला पंचायत अध्यक्ष राजू कनौजिया एवं जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के वर्चुअल संबोधन का सजीव प्रसारण भी दिखाया गया। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में शिक्षामित्रों के हितों के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराया।
नगर विधायक रत्नाकर मिश्र ने शिक्षामित्रों को बढ़े हुए मानदेय की बधाई देते हुए कहा कि इससे शिक्षामित्र और अधिक उत्साह एवं ऊर्जा के साथ कार्य करेंगे।
मझवां विधायक सुचिस्मिता मौर्य ने कहा कि सरकार ने ऑपरेशन कायाकल्प के माध्यम से विद्यालयों की भौतिक संरचना में व्यापक सुधार किया है। उन्होंने बताया कि विद्यालयों में स्मार्ट क्लास एवं आईसीटी लैब की स्थापना से शैक्षिक गुणवत्ता में सुधार हुआ है। साथ ही शिक्षामित्रों का मानदेय 18 हजार रुपये तक बढ़ाना सरकार की संवेदनशील सोच को दर्शाता है।
मड़िहान विधायक रमाशंकर सिंह पटेल ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रेरणा से शिक्षामित्रों को सम्मानजनक मानदेय देकर उनके जीवन में खुशियों की नई सौगात दी गई है। उन्होंने बताया कि शिक्षामित्रों का मानदेय 10 हजार रुपये से बढ़ाकर 18 हजार रुपये किया गया है, जो उनके सम्मान और समर्पण का प्रतीक है।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों द्वारा शिक्षामित्रों को 18 हजार रुपये के बढ़े हुए मानदेय का प्रतीकात्मक चेक प्रदान किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित शिक्षामित्रों ने मुख्यमंत्री एवं प्रदेश सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इस पहल की सराहना की।
समारोह में विधायक चुनार के प्रतिनिधि आलोक कुमार सिंह, मंडलायुक्त राकेश प्रकाश, मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनिल वर्मा, खंड शिक्षा अधिकारी मुख्यालय रविंद्र शुक्ला, जिला समन्वयक सहित बड़ी संख्या में शिक्षामित्र उपस्थित रहे।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



