समाज जागरण
मीरजापुर/चुनार। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी विश्राम सिंह राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, चुनार में सोमवार को छात्र मानसिक स्वास्थ्य समिति, मिशन शक्ति फेज 5.0 (द्वितीय चरण) एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के संयुक्त तत्वावधान में राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत एक कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम में प्रशिक्षित परामर्शदाताओं द्वारा मानसिक स्वास्थ्य, तनाव प्रबंधन और महिला सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
कार्यशाला में मुख्य चिकित्साधिकारी द्वारा नामित परामर्शदाता श्री अभिषेक कुमार सोनकर (साइकिएट्रिक सोशल वर्कर) एवं श्रीमती सुधा मिश्रा (कम्युनिटी नर्स) ने छात्र-छात्राओं को तनाव प्रबंधन, अवसाद, आत्महत्या नियंत्रण तथा मानसिक स्वास्थ्य देखभाल के विषय में मार्गदर्शन एवं परामर्श प्रदान किया।
उन्होंने बताया कि किसी भी मानसिक आपातकालीन स्थिति में टेलीमानस हेल्पलाइन नंबर 14416 अथवा 1800-891-4416 पर संपर्क कर परामर्श एवं समाधान प्राप्त किया जा सकता है।
कार्यक्रम में प्रभारी प्राचार्य प्रोफेसर कुसुमलता ने कहा कि मानसिक स्वास्थ्य सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करता है और जीवन में संतुलन बनाए रखने में सहायक होता है। कार्यक्रम का संयोजन नोडल अधिकारी डॉ. अवधेश सिंह यादव ने किया, जबकि संचालन डॉ. रीता मिश्रा द्वारा किया गया।
इसी क्रम में महिला हेल्पडेस्क के माध्यम से छात्राओं की समस्याओं और प्रश्नों का समाधान किया गया। छात्राओं को महिला सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबर 1090, 112 और 108 के उपयोग एवं आवश्यकता के समय इनके प्रयोग की विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान महिला सुरक्षा विषयक निबंध प्रतियोगिता के परिणाम भी घोषित किए गए। प्रतियोगिता में पायल गुप्ता एवं आकांक्षा सिंह ने प्रथम स्थान, समीन नाज एवं प्रियंका प्रजापति ने द्वितीय स्थान तथा प्राची सिंह ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
मिशन शक्ति कार्यक्रम का संचालन डॉ. शेफालिका रॉय, डॉ. शिखा तिवारी एवं डॉ. विद्या सिंह द्वारा किया गया। कार्यक्रम में कुल 47 छात्राओं ने प्रतिभाग किया।
इसके अलावा सोमनाथ भातखंडे उमंग कल्चरल क्लब द्वारा सोमनाथ पर्व पर आधारित गीत प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया, जिसमें छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
समस्त कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रो. (डॉ.) कुसुम लता ने की। इस अवसर पर डॉ. संकटा प्रसाद सोनकर, डॉ. चंदन कुमार द्विवेदी, डॉ. दीपक कुमार सिंह सहित महाविद्यालय के कई प्राध्यापक एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की।



