दैनिक समाज जागरण, संवाददाता, बिकाश
ईचागढ़ : लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती वर्ष पर गुरुवार को चांडिल में “एक भारत श्रेष्ठ भारत” के संदेश के साथ भव्य पदयात्रा का आयोजन किया गया। युवा भारत केंद्र, सरायकेला-खरसावां सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के संयुक्त तत्वावधान में निकाली गई इस पदयात्रा में सुबह से ही लोगों का बड़ा जनसमूह उमड़ पड़ा।
पदयात्रा की शुरुआत एस.एस.+2 हाई स्कूल, चांडिल परिसर से हुई, जिसमें भारत सरकार के रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके नेतृत्व में निकली पदयात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होकर सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, चांडिल कैंपस में जाकर संपन्न हुई।
कार्यक्रम में हजारों छात्र-छात्राएं, शिक्षक, सामाजिक कार्यकर्ता, स्थानीय नागरिक तथा विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए। पदयात्रा के दौरान सरदार पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया और राष्ट्रीय एकता, अखंडता तथा राष्ट्रहित के संदेशों का प्रसार किया गया। पूरे मार्ग में देशभक्ति के नारों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने वातावरण को राष्ट्रभक्ति से सराबोर कर दिया।
समापन समारोह में अतिथियों का स्वागत, संबोधन तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम समाप्त हुआ। मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष उदय सिंहदेव, भाजपा नेता पप्पू वर्मा, देबाशीष राय, महेश कुंडू, जिला महामंत्री मधु गोराई, राकेश सिंह,दिवाकर सिंह,आकाश महतो, सुमन मुखर्जी सभी मंडल अध्यक्ष सहित सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता विशेष रूप से उपस्थित रहे।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



