कार्यकर्ताओं ने नाच-गाकर और पटाखे फोड़कर मनाया जश्न
दैनिक समाज जागरण | जिला संवाददाता : महेन्द्र जावला बहल
बहल। पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी में भारतीय जनता पार्टी की जीत के उपलक्ष्य में बहल में भाजपा कार्यकर्ताओं ने जोरदार उत्साह के साथ विजय जुलूस निकाला और जश्न मनाया। कार्यक्रम का नेतृत्व मंडल अध्यक्ष सुनील सांगवान और पूर्व सरपंच गजानंद अग्रवाल ने किया।
स्थानीय भाजपा कार्यालय से शुरू हुआ विजय जुलूस शहर के मुख्य बाजारों, चौक-चौराहों और प्रमुख मार्गों से होकर गुजरा। इस दौरान सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। खासकर युवाओं में भारी उत्साह देखने को मिला।
कार्यकर्ताओं ने भाजपा के झंडे और बैनर लेकर डीजे की धुन पर नाचते-गाते हुए “भाजपा जिंदाबाद” और “मोदी जिंदाबाद” के नारे लगाए। जगह-जगह पटाखे फोड़कर जीत की खुशी जाहिर की गई।
मंडल अध्यक्ष सुनील सांगवान ने कहा कि यह ऐतिहासिक जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मजबूत नेतृत्व, दूरदर्शी सोच और जनकल्याणकारी नीतियों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि जनता ने विकास, सुशासन और राष्ट्रहित की राजनीति पर अपना भरोसा जताया है।
पूर्व सरपंच गजानंद अग्रवाल ने कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कहा कि वे इस जीत को जिम्मेदारी के रूप में लें और सरकार की योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने के साथ संगठन को और अधिक मजबूत करें।
इस अवसर पर नवीन बागान, रितेश बहल, जगदीश, रघुवीर भाम्भू, पवन सोनी, मास्टर संतराम गरवा, सतबीर भालोठिया, पंकज अठवाल सहित अनेक भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।



