पंजाब | जैतो
रघुनंदन पराशर / दैनिक समाज जागरण, चीफ ब्यूरो पंजाब
जैतो, 5 मई। उत्तर रेलवे के फिरोजपुर रेल मंडल ने वित्त वर्ष 2026-27 में बासमती चावल का पहला कंटेनर रेक सफलतापूर्वक रवाना कर एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। यह जानकारी मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) संजीव कुमार ने दी।
डीआरएम संजीव कुमार के अनुसार, फिरोजपुर मंडल के बिजनेस डेवलपमेंट यूनिट (बीडीयू) के निरंतर प्रयासों तथा विभिन्न हितधारकों के साथ बेहतर समन्वय के चलते 42 कंटेनरों में लदा बासमती चावल का रेक 4 मई 2026 को फिल्लौर स्थित कॉनकॉर टर्मिनल से हैदराबाद और चेन्नई के लिए रवाना किया गया।
बताया गया कि इस रेक के लिए बासमती चावल तरन तारन, अमृतसर और कोटकपुरा क्षेत्रों से एकत्रित किया गया था। रेलवे अधिकारियों के अनुसार इस प्रकार की लोडिंग से न केवल मंडल के माल यातायात में वृद्धि हुई है, बल्कि रेल राजस्व में भी उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
रेलवे का कहना है कि सड़क मार्ग से होने वाली माल ढुलाई अब रेलवे की ओर स्थानांतरित हो रही है, जिससे कार्बन उत्सर्जन में कमी आ रही है और यह पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम साबित हो रहा है।
रेलवे द्वारा किफायती, समयबद्ध एवं डोर-टू-डोर सेवा उपलब्ध कराने से व्यापारियों का विश्वास भी मजबूत हुआ है। फिरोजपुर मंडल के सतत प्रयासों के चलते रेलवे के प्रति व्यापारियों का भरोसा लगातार बढ़ रहा है।
उल्लेखनीय है कि फिरोजपुर मंडल द्वारा दिसंबर 2025 से मार्च 2026 के बीच भी फिल्लौर कॉनकॉर टर्मिनल से बासमती चावल के कुल चार कंटेनर रेक विभिन्न स्थानों के लिए भेजे जा चुके हैं।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



