google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

ड्रमंडगंज घाटी में गिट्टी लदे ट्रेलर ने कंटेनर व बाइक में मारी टक्कर, बाइक सवार भाई बहन की हालत गंभीर

घटना के बाद ट्रेलर लेकर चालक फरार, बाइक सवार भाई बहन की हालत गंभीर उपचार हेतु पुलिस ने भेजवाया अस्पताल

समाज जागरण

मीरजापुर /ड्रमंडगंज थाना क्षेत्र के वाराणसी रीवा राष्ट्रीय राजमार्ग 135 स्थित ड्रमंडगंज घाटी के बड़का मोड़ घुमान के पास सोमवार सुबह दस बजे के करीब गिट्टी लदे अनियंत्रित ट्रेलर ने आगे चल रहे कंटेनर में पीछे से टक्कर मारते हुए मध्यप्रदेश की ओर जा रही बाइक को चपेट में ले लिया। अनियंत्रित ट्रेलर की चपेट में आने से बाइक सवार भाई बहन गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पहुंचे थानाध्यक्ष ड्रमंडगंज भारत सुमन एसआइ पुनीत गुप्ता व सुभाष यादव ने एनएचएआई की एंबुलेंस से घायल भाई बहन को उपचार हेतु तत्काल लालगंज सीएचसी भेजवाया।

जहां बाइक सवार भाई बहन की गंभीर चोट को देखते हुए सीएचसी के चिकित्सक ने मंडलीय चिकित्सालय रेफर कर दिया।ड्रमंडगंज घाटी में गिट्टी लादकर नीचे उतर रहा तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रेलर जैसे ही बड़का मोड़ घुमान के पास पहुंचा तो अचार व चटनी लादकर आगे चल रहे कंटेनर में पीछे से टक्कर मार दी।अचार लदा कंटेनर अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रक में पीछे से टकराते हुए डिवाइडर से जा टकराया। हादसे में 32 वर्षीय कंटेनर चालक कासिम निवासी बड़वा जिला शामली के हाथ में चोटें आई हैं।पुलिस ने कंटेनर चालक का न्यू पीएचसी ड्रमंडगंज में उपचार करवाया।

बड़का मोड़ पर बाइक सवार भाई बहन को टक्कर मारने के बाद मौके से ट्रेलर लेकर चालक फरार हो गया। हादसे में 35 वर्षीय बाइक चालक मणिराज गोस्वामी निवासी मूर्तिहा थाना बहरी जिला सीधी मध्यप्रदेश व बाइक पर पीछे बैठी उनकी बहन 32 वर्षीया नीता गोस्वामी ट्रेलर की टक्कर से गंभीर रूप से घायल हो गईं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल भाई बहन को उपचार हेतु एंबुलेंस से सीएचसी लालगंज भेजवाया। जहां दोनों की हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद मंडलीय चिकित्सालय रेफर कर दिया। बाइक सवार भाई बहन प्रयागराज जिले के कोरांव थाना क्षेत्र के देवघाट गांव स्थित अपनी रिश्तेदारी से वापस घर जा रहे थे। जैसे ही बड़का मोड़ घुमान पर पहुंचे कि हादसे का शिकार हो गए।

बाइक सवार महिला के सिर तथा चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं।अचार लदे कंटेनर के चालक कासिम ने बताया कि तेज गति से आ रहे गिट्टी लदे ट्रेलर ने पीछे से टक्कर मार दी इसके बाद बड़का मोड़ घुमान पर बाइक में टक्कर मारते हुए भाग निकला। संयोग था कि कंटेनर डिवाइडर में जाकर टकरा गया नही तो घाटी में सैकड़ों फीट नीचे कंटेनर के गिरने से बड़ा हादसा हो सकता था। थानाध्यक्ष ड्रमंडगंज भारत सुमन ने बताया कि ड्रमंडगंज घाटी के बड़का मोड़ घुमान पर गिट्टी लदे ट्रेलर की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल मध्यप्रदेश निवासी बाइक चालक व उसकी बहन को उपचार हेतु अस्पताल भेजा गया है। घटना की जांच की जा रही है। डिवाइडर से टकराये कंटेनर को राष्ट्रीय राजमार्ग से हटवाया जा रहा है।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)