घुनघुटी मोर्चा फाटक पर थमी राष्ट्रीय राजमार्ग 43 की सांसें
सरकार के दावों की खुली पोल
उमरिया — उमरिया-शहडोल के बीच राष्ट्रीय राजमार्ग 43 पिछले 12 साल से निर्माणाधीन है, जिस पर हर दिन हजारों की तादाद में वाहनों का आवागमन होता है और एक दशक से यही हाल है कि जब धूप निकले तो राहगीर धूल में नहाएं, बरसात हो तो पानी से, और रिमझिम बारिश ने तो पिछली रात 11 बजे से ही इस मार्ग पर चक्का जाम कर रखा है जो अगले दिन दोपहर 12 बजे तक भी नहीं खुल सका, आवागमन के लिए नासूर बनी इस मार्ग पर जरा सी बारिश ने फिर 13 घंटे का भीषण जाम लगा दिया और रात 11 बजे से लगा जाम अभी भी नहीं खुला है, बड़ी गाड़ियां अभी भी नहीं निकल पा रही हैं, घुनघुटी मोर्चा फाटक के पास कीचड़ और फिसलन में भारी वाहन फंसे हुए हैं, छोटी गाड़ियां बिरसिंहपुर पाली से व्हाया सुंदर दादर मार्ग से घूमकर यात्रा पूरी कर रही हैं
लेकिन बड़ी गाड़ियों के लिए कोई रास्ता नहीं बचा है, हजारों की तादाद में गाड़ियां घुनघुटी से लेकर पाली तक खड़ी हुई हैं, सड़क पर ट्रकों की लंबी कतार लगी है, ऐसी स्थिति में एम्बुलेंस और मरीजों के लिए भारी समस्या बनी हुई है, मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाना मुश्किल हो गया है, भूखे-प्यासे चालक व यात्री घंटों से सड़क पर ही बैठे हैं, कोई पानी के लिए भटक रहा है, कोई खाने के लिए, तो कोई जरूरी काम से यात्रा करने के लिए समय पर नहीं पहुंच पाने से परेशान है, बच्चे, बुजुर्ग और मरीज भी इसी जाम में फंसे रहे लेकिन सुनने वाला कोई नहीं है, घुनघुटी पुलिस रात भर गाड़ियों की रक्षा-सुरक्षा व्यवस्था पर लगी रही लेकिन जाम खोलने की कोई ठोस व्यवस्था नहीं हो पाई क्योंकि सड़क ही ऐसी नहीं बची थी कि वाहन निकल सकें और हल्की बारिश ने ही निर्माण कंपनी की लापरवाही और सड़क की गुणवत्ता की पोल खोलकर रख दी है,
राष्ट्रीय राजमार्ग का इतिहास बनाने का दावा करने वाली भाजपा सरकार की करनी-कथनी को उजागर करती कटनी-शहडोल राष्ट्रीय राजमार्ग 43 ने यह साबित कर दिया कि दावों और भाषणों से सड़क नहीं बनती, मंचों से बड़े-बड़े दावे किए जाते हैं, उद्घाटन और शिलान्यास के बोर्ड लगाए जाते हैं लेकिन जमीन पर 12 साल बाद भी सड़क अधूरी पड़ी है, स्थानीय लोगों की तीखी प्रतिक्रिया है कि सरकार विकास का ढोल तो जोर-जोर से पीटती है लेकिन उमरिया-शहडोल की जनता को 12 साल से सिर्फ धूल, कीचड़, गड्ढे और जाम ही मिला है, क्या यही है विकास का मॉडल, क्या यही है इतिहास बनाने वाली सड़क, जनता पूछ रही है कि जब 12 साल में एक सड़क नहीं बन पाई तो बड़े-बड़े दावे किस मुंह से किए जाते हैं, 12 साल में इस मार्ग के निर्माण पर अरबों रुपए खर्च हो चुके हैं फिर भी सड़क आज तक पूरी नहीं हुई, बड़ा सवाल यह है कि सड़क पूरी कब होगी, जमीन पर जनता को धूल, कीचड़, गड्ढे और जाम से मुक्ति कब मिलेगी, अब तक अरबों रुपए शासकीय धन राशि के व्यय होने का जनता को क्या लाभ मिला, आखिर यह पैसा गया कहां, ठेकेदारों की जेब में या अधिकारियों की फाइलों में, इसका जवाब देने वाला कोई नहीं है, चालकों का कहना है कि फाटक के पास सड़क की हालत पहले से ही खराब थी, थोड़ी सी बारिश होते ही कीचड़ हो गया और भारी वाहन फिसलने लगे, एक के बाद एक ट्रक खड़े होते गए और जाम बढ़ता चला गया,
अब तो लगता है कि यह सड़क कभी बनेगी ही नहीं, सिर्फ कागजों में बनती रहेगी, लंबी अवधि से निर्माणाधीन इस मार्ग से छोटे अधिकारियों के साथ कलेक्टर, कमिश्नर, मंत्री, विधायक सब निकलते हैं लेकिन किसी को इस मार्ग के पूरा होने की चिंता नहीं है, सबकी गाड़ियां धूल और कीचड़ से होकर निकल जाती हैं लेकिन आंखें बंद कर ली जाती हैं, जनता की परेशानी किसी को दिखाई नहीं देती, गाहे-बगाहे कमिश्नर की विज्ञप्ति सड़क पूरा कराने की समाचार पत्रों की सुर्खियों में रहती है, हिदायतें दी जाती हैं, समय-सीमा बताई जाती है, बैठकें होती हैं लेकिन जमीन पर कुछ नहीं बदलता, आखिर कब तक, जब प्रशासनिक अधिकारियों की हिदायत के बाद भी सुधार नहीं हुआ तो कार्रवाई क्यों नहीं की जाती, क्या हिदायतें सिर्फ अखबारों की सुर्खियों के लिए दी जाती हैं, क्या निर्माण कंपनी इतनी बड़ी हो गई है कि कलेक्टर-कमिश्नर की हिदायत भी उस पर असर नहीं करती, या फिर कार्रवाई करने की हिम्मत ही नहीं है, उधर प्रशासनिक अधिकारी सिर्फ एसी कमरों में बैठकर कागजी निरीक्षण में व्यस्त हैं, मौके पर उतरकर सड़क की हालत देखने की फुर्सत किसी के पास नहीं है, बारिश को देखते हुए सड़क पर आवागमन सुचारु रखने के लिए कोई वैकल्पिक व्यवस्था क्यों नहीं की गई, निर्माण कार्य समय पर पूरा क्यों नहीं किया जा रहा, जब जाम लगता है तो पुलिस और प्रशासन के लोग भी हाथ पर हाथ धरे खड़े रहते हैं, 13 घंटे तक जाम लगा रहा लेकिन न कोई बड़ा अधिकारी मौके पर पहुंचा, न कोई वैकल्पिक व्यवस्था की गई, अब जनता पूछ रही है कि निर्माण कंपनी की लापरवाही और अधिकारियों की अनदेखी का खामियाजा कब तक आम आदमी भुगतेगा, क्या प्रशासन इससे कुछ सबक लेगा, या फिर किसी बड़े हादसे का इंतजार करती बैठी रहेगी।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



