google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

किसान मेले में उमड़ी किसानों की भीड़, स्थानीय मखाना और प्राकृतिक उत्पादों की खूब हुई बिक्री

वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो किशनगंज।
शहीद अशफाकउल्लाह खान स्टेडियम, खगड़ा में शनिवार को दो दिवसीय किसान मेला-सह-कृषि प्रदर्शनी का भव्य आयोजन किया गया। मेले का उद्घाटन जिलाधिकारी नवीन कुमार ने किया। इस अवसर पर अपर समाहर्ता (राजस्व), उप विकास आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी सहित जिला प्रशासन के विभिन्न विभागों के पदाधिकारी मौजूद रहे। मेले में जिले के लगभग 1500 किसानों ने भाग लिया और कृषि से जुड़ी आधुनिक तकनीकों एवं सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।


मेले का मुख्य उद्देश्य किसानों को आधुनिक कृषि तकनीक, प्राकृतिक खेती, कृषि यंत्रीकरण, उद्यानिकी, पशुपालन एवं मत्स्य पालन के प्रति जागरूक करना तथा कृषि में नवाचार और विविधीकरण को बढ़ावा देना रहा।


मेले में स्थानीय किसानों द्वारा प्राकृतिक खेती से उत्पादित सब्जियों, मसालों एवं अन्य कृषि उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई गई। चपाती गांव में विकसित प्राकृतिक खेती एवं मल्टीलेयर फार्मिंग का मॉडल विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। इस मॉडल के माध्यम से किसान कम लागत में विविध प्रकार की फसलों का उत्पादन कर रहे हैं। प्राकृतिक खेती समूहों द्वारा तैयार सब्जियों एवं मसाला उत्पादों की बिक्री भी की गई।
स्थानीय मखाना उत्पादकों के लिए भी मेला बेहतर बाजार साबित हुआ। यहां लगभग चार क्विंटल मखाना की बिक्री हुई। इसके अलावा ताजी सब्जियों और विभिन्न मसाला उत्पादों की भी अच्छी बिक्री हुई। इससे स्थानीय किसानों एवं उत्पादक समूहों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन और विपणन का अवसर मिला।


मेले में कृषि एवं संबंधित विभागों और संस्थानों की ओर से कई जानकारीपरक स्टॉल लगाए गए। इनमें कृषि विज्ञान केंद्र, डॉ. कलाम कृषि महाविद्यालय के मत्स्य विभाग, जिला गव्य विकास कार्यालय, जीविका, आत्मा, जिला उद्यान कार्यालय, कृषि यंत्र एवं मशीनरी, स्प्रिंकलर सिंचाई प्रणाली तथा सौर ऊर्जा से संबंधित स्टॉल शामिल रहे। नाबार्ड की ओर से किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) और कृषि ऋण सुविधाओं की जानकारी दी गई। वहीं नगर विकास विभाग की ओर से गृह प्रवेश योजना से संबंधित स्टॉल लगाया गया।


किसानों को फार्मर रजिस्ट्री की प्रक्रिया एवं उसके लाभों से अवगत कराया गया। उप निदेशक कृषि अभियंत्रण ने पराली प्रबंधन और कृषि अवशेषों के उपयोग की जानकारी दी। पौधा संरक्षण विभाग की टीम ने फेरोमोन ट्रैप सहित कीट नियंत्रण की आधुनिक तकनीकों का प्रदर्शन किया। वहीं मिट्टी जांच प्रयोगशाला की टीम ने मृदा स्वास्थ्य, मिट्टी जांच और संतुलित उर्वरक के उपयोग के महत्व को समझाया। किसानों को ड्रैगन फ्रूट सहित अन्य फसलों को जंगली जानवरों एवं हाथियों से बचाने के लिए खेतों में फेंसिंग और अन्य सुरक्षात्मक उपायों की भी जानकारी दी गई।


कार्यक्रम में कृषि अभियंत्रण, पौधा संरक्षण, रसायन एवं मिट्टी जांच प्रयोगशाला, उद्यान विभाग के पदाधिकारियों के अलावा सभी सहायक निदेशक, अनुमंडल कृषि पदाधिकारी, प्रखंड कृषि पदाधिकारी, कृषि समन्वयक एवं किसान सलाहकार सक्रिय रूप से मौजूद रहे।
मेले में करीब 1500 किसानों के अलावा विभिन्न विभागों, जीविका एवं संबंधित संस्थानों के प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया। किसानों ने विभिन्न स्टॉलों का भ्रमण कर नई कृषि तकनीकों, उपकरणों और सरकारी योजनाओं की जानकारी ली। इस आयोजन का उद्देश्य किसानों को आधुनिक एवं प्राकृतिक खेती से जोड़ने के साथ स्थानीय कृषि उत्पादों के प्रसंस्करण, मूल्य संवर्धन और विपणन को बढ़ावा देना है, ताकि किसानों की आमदनी में वृद्धि हो सके।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)