अमन और चैन की मांगी दुआ
समाज जागरण पटना जिला संवाददाता:- वेद प्रकाश
पटना/ राजधानी पटना और आसपास के मुस्लिम बहुल इलाकों में शनिवार को ईद-उल-अजहा (बकरीद) का पर्व पूरे अकीदत और शांतिपूर्ण माहौल में मनाया गया। सुबह से ही मस्जिदों में नमाजियों का तांता लगा रहा। मुस्लिम धर्मावलंबियों ने अल्लाह की इबादत में नमाज अदा की और देश में सुख, शांति, समृद्धि और आपसी भाईचारे की दुआ मांगी। नमाज के समय फुलवारी शरीफ की प्रसिद्ध खानकाह मुजीबिया, छोटी खानकाह, मदीना मस्जिद, नूरी मस्जिद, जामा मस्जिद (फेडरल कॉलोनी) और गौसिया मस्जिद समेत विभिन्न मस्जिदों में भारी भीड़ देखी गई।
इसके अलावा जानीपुर, ईसापुर, नगवा, नया टोला, खलीलपुरा, सब्जपुरा, मिल्लत कॉलोनी, रहमत नगर, नौशा, कुरकुरी, पालीगंज, बिक्रम, दुल्हिन बाजार, खिरिमोड, पियरपुरा, सिगोड़ी, व रानितलाब सहित दर्जनों इलाकों में नमाजियों ने खुदा के सामने सिर झुकाया। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले मिलकर बकरीद की मुबारकबाद दी। इस मौके पर खानकाह मुजीबिया में पूर्व मंत्री श्याम रजक ने पहुंचकर लोगों को ईद की बधाई दी। उन्होंने अपने संबोधन में समाज में आपसी भाईचारे, मोहब्बत और अमन कायम रखने की अपील की। वहीं, नया टोला में सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यातायात को कुछ समय के लिए रोककर नमाज अदा कराई गई, जिसे स्थानीय लोगों का पूर्ण सहयोग मिला।
अल्वा कॉलोनी स्थित मस्जिद सादिक सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में भी शांतिपूर्वक नमाज संपन्न हुई। पर्व को शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए पटना पुलिस-प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में था। फुलवारी शरीफ के साथ-साथ संपतचक, गौरीचक, पालीगंज, दुल्हिन बाजार, खिरिमोड, बिक्रम, सिगोड़ी और परसा बाजार जैसे संवेदनशील इलाकों में सम्बंधित अधिकारियों ने लगातार गश्त की और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। जगह-जगह पुलिस बल की तैनाती और प्रशासनिक निगरानी के कारण कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली। प्रशासन की मुस्तैदी और नागरिकों के आपसी सहयोग ने इस पर्व को सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराया, जिससे पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल रहा।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



