प्रतिदिन 60 से 70 ट्रैक्टर कचरा गिराने का आरोप, पानी डालने के बावजूद अंदर सुलग रही आग; बच्चे, बुजुर्ग और गर्भवती महिलाएं परेशान, कार्यपालक पदाधिकारी प्रवीण कुमार फोन तक उठाने को तैयार नहीं
वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो किशनगंज।
शहर के वार्ड संख्या 7 स्थित मोतीबाग कचरा डंपिंग यार्ड में इस समय भीषण आग लगी हुई है। कचरे के ढेर से निकल रहा काला और घना धुआं कई किलोमीटर तक फैल रहा है। आसपास के मोहल्लों में रहने वाले लोगों का सांस लेना मुश्किल हो गया है। आंखों में जलन, खांसी और सांस संबंधी परेशानियों से लोग बेहाल हैं। इसके बावजूद नगर परिषद प्रशासन की ओर से आग पर पूरी तरह काबू पाने और लोगों को राहत देने की प्रभावी कार्रवाई नजर नहीं आ रही है।
हैरानी की बात है कि जिस डंपिंग यार्ड की गंभीर अनियमितताओं को लेकर राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) में मामला लंबित है, वहां कचरा गिराने का सिलसिला लगातार जारी है। स्थानीय लोगों के अनुसार, प्रतिदिन 60 से 70 ट्रैक्टर कचरा यहां गिराया जा रहा है। करीब पांच एकड़ में फैले इस डंपिंग यार्ड में घरेलू कचरे के साथ मृत पशुओं और अस्पतालों का कचरा भी फेंके जाने की शिकायत है। ऊपर से पानी डालने के बावजूद कचरे के अंदर आग सुलगती रहती है और लगातार धुआं निकलता रहता है।
इसका सबसे बुरा असर बच्चों, बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और पहले से सांस की बीमारी से परेशान लोगों पर पड़ रहा है। स्थानीय लोगों में अस्थमा, खांसी और सांस लेने में परेशानी को लेकर भारी चिंता है। प्लास्टिक और मिश्रित कचरे के जलने से निकलने वाले जहरीले प्रदूषक फेफड़ों और हृदय के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा पैदा कर सकते हैं।
गौरतलब है कि एनजीटी के आदेश पर गठित संयुक्त समिति ने 20 अगस्त 2026 को डंपिंग यार्ड का निरीक्षण कर मिश्रित कचरे की डंपिंग, दुर्गंध और लीचेट जैसी गंभीर खामियां उजागर की थीं। समिति ने कचरा जलाने पर तत्काल रोक और वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण की अनुशंसा की थी। इसके बाद नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी प्रवीण कुमार ने 26 अक्टूबर को एनजीटी में हलफनामा देकर सुधारात्मक कार्रवाई का भरोसा दिया था। लेकिन आज भीषण आग के बीच उठता धुआं नगर परिषद के दावों और जमीनी कार्रवाई पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।
इस गंभीर स्थिति पर नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी प्रवीण कुमार से फोन पर संपर्क कर उनका पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया और न ही कोई जवाब दिया। जब एनजीटी में मामला लंबित है और लोगों के स्वास्थ्य पर सीधा खतरा मंडरा रहा है, तब जिम्मेदार अधिकारी की यह चुप्पी कई सवाल खड़े करती है।
अब सवाल यह है कि क्या नगर परिषद प्रशासन किसी बड़ी जनहानि का इंतजार कर रहा है? क्या मोतीबाग के लोगों को शहर का कचरा ढोने और जलाने की कीमत अपनी सेहत से चुकानी पड़ेगी? आखिर एनजीटी में दिए गए आश्वासन का पालन कब होगा?
जिलाधिकारी और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड तत्काल मौके पर पहुंचकर आग को पूरी तरह बुझाने, कचरा गिराने पर प्रभावी रोक लगाने, अस्पतालों के कचरे का अलग निस्तारण कराने और आसपास के लोगों की स्वास्थ्य जांच कराने की व्यवस्था करें। मोतीबाग कोई कचरा जलाने का मैदान नहीं, यहां इंसान रहते हैं। उनकी जिंदगी और सांसों की कीमत पर नगर परिषद की लापरवाही अब और नहीं चलनी चाहिए।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



