परिजनों की सूचना पर पहुंचे इंद्रदेव पासवान ने स्वास्थ्यकर्मियों से की पूछताछ, डीएम से जांच कमेटी गठित कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग
वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो किशनगंज।
सदर अस्पताल किशनगंज में मरीजों को समय पर इलाज उपलब्ध कराने के दावों की पोल खुलती नजर आ रही है। अस्पताल में इलाज के लिए पहुंचे एनीमिया पीड़ित मरीज को करीब चार घंटे तक उपचार नहीं मिलने का गंभीर मामला सामने आया है। मरीज के परिजनों की सूचना पर नगर परिषद किशनगंज के मुख्य पार्षद इंद्रदेव पासवान स्वयं सदर अस्पताल पहुंचे। वहां मरीज की स्थिति और इलाज के अभाव को देखकर वे गंभीर हो गए। उन्होंने संबंधित स्वास्थ्यकर्मियों से पूरे मामले में पूछताछ की और मरीज को समय पर इलाज नहीं मिलने पर जिम्मेदार लोगों को कड़ी फटकार लगाई।
मुख्य पार्षद एवं अधिवक्ता इंद्रदेव पासवान ने जिला पदाधिकारी को दिए आवेदन (पत्रांक 195/2026, दिनांक 20 नवंबर 2026) में बताया है कि सागर कुमार, पिता सूरज किसान, निवासी खगड़ा, किशनगंज, एनीमिया से पीड़ित होकर सदर अस्पताल पहुंचे थे। आवेदन के अनुसार, मरीज सुबह करीब 10:30 बजे अस्पताल पहुंचा, लेकिन दोपहर 2:30 बजे तक उसका किसी प्रकार का उपचार शुरू नहीं किया गया था। करीब चार घंटे तक इलाज के इंतजार में मरीज का पड़े रहना अस्पताल की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
मुख्य पार्षद ने इस स्थिति पर नाराजगी जताते हुए जिला पदाधिकारी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच के लिए कमेटी गठित करने तथा मरीज के इलाज में कथित लापरवाही बरतने वाले स्वास्थ्यकर्मियों को चिह्नित कर उनके विरुद्ध विभागीय कार्रवाई करने की मांग की है।
सवाल यह है कि सदर अस्पताल में जब एक मरीज को चार घंटे तक इलाज के लिए इंतजार करना पड़ रहा है, तो दूर-दराज से आने वाले गरीब और लाचार मरीजों की स्वास्थ्य सुरक्षा की जिम्मेदारी कौन लेगा? सरकारी अस्पताल में इलाज के लिए मरीजों को इस तरह भटकना पड़े तो स्वास्थ्य व्यवस्था के दावों का क्या मतलब रह जाता है?
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



