धुएं से मची अफरातफरी; छात्राओं ने सूझबूझ से टाला बड़ा हादसा
समाज जागरण पटना जिला संवाददाता:- वेद प्रकाश
पटना/ जिले के फुलवारी शरीफ इलाके के एक हॉस्टल में मंगलवार को उस समय अफरातफरी मच गई, जब अचानक एक कमरे में शॉर्ट सर्किट के कारण भीषण आग लग गई। घटना के वक्त हॉस्टल के अंदर करीब 60 छात्राएं मौजूद थीं। जिस कमरे में यह हादसा हुआ, उसमें तीन छात्राएं रहती थीं। गनीमत यह रही कि इस दुर्घटना में किसी के भी हताहत होने की कोई सूचना नहीं है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कमरे में लगे बिजली के बोर्ड के पास अचानक स्पार्क हुआ, जिससे शॉर्ट सर्किट हो गया। बोर्ड के पास टंगी मच्छरदानी ने तुरंत आग पकड़ ली। देखते ही देखते आग की लपटें पास रखे बिस्तर तक पहुँच गईं और कुछ ही पलों में पूरे कमरे में घना धुआं भर गया। धुआं फैलते ही कमरे में मौजूद तीनों छात्राएं घबरा गईं, लेकिन उन्होंने हिम्मत दिखाते हुए तुरंत शोर मचाकर मदद मांगनी शुरू कर दी। शोर सुनकर हॉस्टल की अन्य छात्राएं और वहाँ तैनात सुरक्षाकर्मी तुरंत मौके पर दौड़े। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तुरंत पुलिस और अग्निशमन (फायर ब्रिगेड) विभाग को इसकी सूचना दी गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की एक यूनिट तत्काल घटनास्थल पर पहुँची और आग बुझाने के अभियान में जुट गई। अग्निशमन कर्मियों ने करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।
रहमानी 30 मैनेजमेंट के प्रभारी अतुल कुमार ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि बिजली बोर्ड में शॉर्ट सर्किट होने से यह हादसा हुआ था। उन्होंने राहत की बात बताते हुए कहा कि कुछ दिन पहले ही हॉस्टल की छात्राओं को अग्निशमन सुरक्षा और आपदा प्रबंधन से संबंधित विशेष प्रशिक्षण दिया गया था। इस प्रशिक्षण का सकारात्मक परिणाम मौके पर देखने को मिला। छात्राओं ने बड़ी घबराने के बजाय पूरी तत्परता दिखाई और तत्काल सुरक्षा गार्ड व हॉस्टल प्रबंधन को इसकी सूचना दी, जिससे समय रहते दमकल विभाग की मदद से आग को फैलने से रोक लिया गया और एक बड़ा हादसा टल गया।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



