google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

ऑनलाइन सट्टेबाजी के अंतरराष्ट्रीय गिरोह पर एसटीएफ का बड़ा प्रहार

पटना समेत 5 राज्यों में छापेमारी, सरगना समेत 38 गिरफ्तार

समाज जागरण पटना जिला संवाददाता:- वेद प्रकाश

पटना/ बिहार एसटीएफ ने ऑनलाइन सट्टेबाजी वेबसाइटों के जरिए संचालित होने वाले एक अंतरराज्यीय और अंतरराष्ट्रीय संगठित आर्थिक अपराध गिरोह के खिलाफ बुधवार को एक बहुत बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। बिहार सहित पांच राज्यों में एक साथ ताबड़तोड़ छापेमारी कर पुलिस ने गिरोह के सरगना समेत 38 सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जिनमें तीन महिलाएं भी शामिल हैं। इस हाई-प्रोफाइल गिरोह का जाल झारखंड, पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश, दिल्ली और बिहार तक फैला हुआ था।


पटना साइबर थाना कांड संख्या 1529/26 के तहत बिहार एसटीएफ ने पटना जिला पुलिस, रांची, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और कोलकाता पुलिस तथा विभिन्न बैंकों के साथ मिलकर यह संयुक्त अभियान चलाया। इसके तहत पटना, कोलकाता, रांची और दिल्ली समेत कई प्रमुख ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की गई। अब तक पटना में सात, कोलकाता में दो, दिल्ली में तीन, गाजियाबाद में एक और रांची में एक स्थान पर कार्रवाई की जा चुकी है। एसटीएफ की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, यह संगठित गिरोह www.Baliexch.com और इससे जुड़ी अन्य ऑनलाइन सट्टेबाजी वेबसाइटों के माध्यम से अवैध आर्थिक अपराध को अंजाम दे रहा था। इस व्यापक छापेमारी के दौरान पुलिस ने भारी मात्रा में अवैध सामान और नगदी बरामद की है। इनमें 22 लाख रुपये नकद, विभिन्न बैंकों के 300 से अधिक एटीएम कार्ड, 100 से ज्यादा मोबाइल फोन, 5 लैपटॉप और 6 टैब शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, छापे में महंगी घड़ियां और करीब 500 ग्राम सोने-चांदी के जेवरात भी जब्त किए गए हैं।

एसटीएफ के अधिकारियों का कहना है कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों में कई का पुराना आपराधिक इतिहास भी रहा है। फिलहाल पुलिस गिरोह के आर्थिक लेनदेन, सट्टेबाजी के इस विशाल नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य संदिग्धों की संलिप्तता की गहराई से जांच कर रही है। नेटवर्क से जुड़े अन्य ठिकानों पर लगातार तलाशी अभियान जारी है और इस पूरी कार्रवाई की निगरानी वरीय अधिकारियों द्वारा की जा रही है। मामले में आगे की विस्तृत रिपोर्ट जल्द ही जारी की जाएगी।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)