google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

पटना के बिहटा में तेज रफ्तार कार ट्रक से टकराई

तीन युवक गंभीर रूप से घायल

समाज जागरण पटना जिला संवाददाता:- वेद प्रकाश

पटना/ जिले के बिहटा थाना क्षेत्र में शुक्रवार की सुबह एक भीषण सड़क दुर्घटना हो गई। राघोपुर गांव स्थित तीन मोहनी के समीप तेज रफ्तार अनियंत्रित कार सड़क किनारे खड़े मालवाहक ट्रक में जा घुसी। इस दर्दनाक हादसे में कार सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घायलों की पहचान बिहटा निवासी वार्ड पार्षद सोनू कुमार के पुत्र आशू कुमार (18), अमरेंद्र सिंह के पुत्र बेनू कुमार (18) और अभिषेक कुमार (14) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, तीनों युवक सुबह राघोपुर से अमहारा स्थित आईआईटी क्षेत्र की ओर चाय पीने जा रहे थे। इसी दौरान तीन मोहनी के पास कार चालक अपना नियंत्रण खो बैठा और वाहन सीधे खड़े ट्रक से जा टकराया। हादसे के बाद कार का अगला हिस्सा बुरी तरह पिचक गया, जिससे तीनों युवक अंदर ही फंस गए।

आसपास के लोग तुरंत मदद के लिए दौड़ पड़े और काफी मशक्कत के बाद उन्हें वाहन से बाहर निकाला। स्थानीय लोगों की तत्परता ने घायलों को समय पर अस्पताल पहुंचाया, जिससे उनकी जान बच सकी। बिहटा थाना प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। चिकित्सकों के अनुसार, आशू कुमार की स्थिति नाजुक बनी हुई है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया है। वहीं, बेनू कुमार और अभिषेक कुमार का इलाज स्थानीय अस्पताल में चल रहा है और वे खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात बहाल कर दिया है। इस हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार के जानलेवा खतरों को सामने ला दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है कि हादसा तकनीकी खराबी के कारण हुआ या अत्यधिक गति के कारण।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)