google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

पटना के फतुहा में चोरी के दो पिकअप के साथ शातिर गिरफ्तार

अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का खुलासा

समाज जागरण पटना जिला संवाददाता:- वेद प्रकाश

पटना/ जिले के फतुहा अनुमंडल अंतर्गत नदी थाना पुलिस ने अंतरराज्यीय वाहन चोर और तस्कर गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने जेठुली घाट के पास छापेमारी कर चोरी के दो पिकअप वाहन बरामद किए हैं और एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान दीदारगंज थाना क्षेत्र के गुलमहियाबाग निवासी चंदन कुमार (36 वर्ष) के रूप में हुई है।

फतुहा एसडीपीओ-1 अवधेश कुमार ने संवाददाता सम्मेलन में बताया कि 13 मई 2026 को नदी थाना की गश्ती टीम को सूचना मिली थी कि जेठुली घाट के पास चोरी के तीन पिकअप वाहन खड़े हैं, जिन पर अवैध मादक पदार्थ लादकर तस्करी की तैयारी है। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष सद्दाम हुसैन के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित कर छापेमारी की गई। पुलिस ने घेराबंदी कर दो पिकअप (BR06GC9070 और BR01GJ7809) बरामद कर लिए और चंदन को दबोच लिया, हालांकि गिरोह के अन्य सदस्य भागने में सफल रहे। पुलिस जांच में पुष्टि हुई है कि बरामद दोनों वाहन चोरी के हैं और इनके खिलाफ पहले से प्राथमिकी दर्ज है।

प्रारंभिक पूछताछ में संकेत मिले हैं कि यह गिरोह चोरी के वाहनों का उपयोग मादक पदार्थों की तस्करी और अन्य अवैध सामानों की ढुलाई के लिए करता था। पुलिस अब इस नेटवर्क के तार अन्य राज्यों से जोड़ने और फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए तकनीकी साक्ष्यों व मोबाइल कॉल डिटेल्स की मदद ले रही है। इस सफल अभियान में पुलिस अवर निरीक्षक जयकिशोर चौधरी सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की सराहना की है, क्योंकि इलाके में वाहन चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही थीं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही गिरोह के अन्य सदस्यों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)