समाज जागरण
चुरहट। अधिवक्ता संघ चुरहट के निर्वाचन सिविल न्यायालय परिसर स्थित मतदान केंद्र में शांतिपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण माहौल में सम्पन्न हुआ। जिसमें अधिवक्ताओं ने बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई। मध्याह्न में लगभग 02:00 बजे मतदान प्रक्रिया समाप्त होने के बाद एक घण्टे के ब्रेक के तुरंत बाद मतगणना शुरू की गई और थोड़ी ही देर में परिणाम घोषित कर दिए गए।

अध्यक्ष पद के लिए हुए कड़े मुकाबले में अधिवक्ता संतोष पाण्डेय ने अपने प्रतिद्वंद्वी अधिवक्ता विनोद सिंह ‘बिन्नू’ को 10 मतों के अंतर से पराजित कर जीत दर्ज की। संतोष पाण्डेय को कुल 65 मत प्राप्त हुए, जबकि विनोद सिंह बिन्नू को 55 मत मिले। अधिवक्ता समुदाय द्वारा उनके विजय पर बधाइयों का सिलसिला देर शाम तक चलता रहा।
उपाध्यक्ष पद पर भी रोमांचक संघर्ष देखने को मिला, जिसमें अधिवक्ता पन्नालाल सोनी ने बाज़ी मारते हुए 62 मत प्राप्त किए। उनके प्रतिद्वंद्वी अधिवक्ता रमेश सिंह को 56 मत मिले। इसी तरह सचिव पद के लिए हुए चुनाव में अधिवक्ता हेमराज पटेल ने अपने अनुभव और लोकप्रियता के बल पर महत्वपूर्ण जीत हासिल की। उन्हें कुल 66 मत प्राप्त हुए, जबकि अधिवक्ता सत्यप्रकाश मिश्रा को 53 मत ही मिल सके।वहीं निर्विरोध तरीके से चुनाव जीतने वाले अन्य पदों पर अधिवक्ता विवेकानंद प्यासी लाइब्रेरियन के पद पर निर्विरोध चुने गए हैं तो वहीं अधिवक्ता राजीव गुप्ता कोषाध्यक्ष के रूप में तो अधिवक्ता दयाशंकर गुप्ता सह सचिव के पद पर निर्विरोध चुने गए हैं।चुनाव प्रक्रिया निष्पक्ष, व्यवस्थित और शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुई।

निर्वाचन अधिकारियों के साथ-साथ न्यायालय परिसर में तैनात सुरक्षा कर्मियों ने पूरे दिन अनुशासन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। मतदान से लेकर परिणाम घोषणा तक अधिवक्ताओं में उत्साह का माहौल बना रहा। नए पदाधिकारियों ने विश्वास जताया कि वे अधिवक्ताओं के हितों की रक्षा, संगठन को मजबूत करने और न्यायालय परिसर की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए समर्पित होकर कार्य करेंगे।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



