google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

आदित्य गढ़ेवाल का नाम इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड में दर्ज: राष्ट्रीय स्तर पर नेट परीक्षा में नौ बार सफलता प्राप्त कर रचा इतिहास

बड़वारा।शासकीय महाविद्यालय बड़वारा के क्रीड़ा अधिकारी डॉ. आदित्य गढ़ेवाल ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से न सिर्फ महाविद्यालय का नाम रोशन किया है, बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर एक नया इतिहास भी रचा है। डॉ. गढ़ेवाल का नाम हाल ही में इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड में दर्ज किया गया है, जो उनकी कड़ी मेहनत और लगन का परिणाम है।
डॉ. गढ़ेवाल ने राष्ट्रीय स्तर पर यूजीसी द्वारा आयोजित की जाने वाली नेट परीक्षा (राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा) शारीरिक शिक्षा विषय में सबसे अधिक नौ बार क्वालीफाई कर यह रिकॉर्ड अपने नाम किया है। उनकी यह उपलब्धि न केवल व्यक्तिगत रूप से महत्वपूर्ण है, बल्कि यह युवाओं के लिए भी प्रेरणा का स्रोत है। डॉ. गढ़ेवाल का मानना है कि यदि कड़ी मेहनत और सच्ची लगन से सही दिशा में कार्य किया जाए तो निश्चित ही सफलता प्राप्त की जा सकती है। उनकी यह बात उन सभी युवाओं के लिए एक महत्वपूर्ण संदेश है जो अपने जीवन में सफलता प्राप्त करना चाहते हैं।
अपनी इस बड़ी उपलब्धि के लिए डॉ. गढ़ेवाल ने अपने माता-पिता, परिवार के सभी सदस्यों, गुरुजनों एवं स्कूल और कॉलेज के दोस्तों को श्रेय दिया है, जिन्होंने उन्हें हर कदम पर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया डॉ. गढ़ेवाल ने जवाहर नवोदय विद्यालय नरसिंहपुर एवं सतना से अपनी स्कूल की पढ़ाई पूर्ण की है। शारीरिक शिक्षा के क्षेत्र में एशिया के सर्वोत्तम संस्थान लक्ष्मीबाई नेशनल इंस्टिट्यूट ऑफ फिजिकल एजुकेशन ग्वालियर (म.प्र.) से बी.पी.एड., एम.पी.एड. एवं पी.एच.डी. की उपाधि प्राप्त की है। उनके लगभग 25 शोधपत्र विभिन्न राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय जर्नल में प्रकाशित हो चुके हैं। डॉ. गढ़ेवाल मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग (MPPSC) से चयनित होकर उच्च शिक्षा विभाग के अंतर्गत शासकीय महाविद्यालय बड़वारा, जिला कटनी में विगत पांच वर्षों से क्रीड़ा अधिकारी के पद पर कार्यरत हैं। उनके मार्गदर्शन में महाविद्यालय के छात्र-छात्राएं भी खेल के क्षेत्र में निरंतर प्रगति कर रहे हैं और क्षेत्र का नाम राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर रोशन कर रहे हैं। डॉ. गढ़ेवाल की इस शानदार उपलब्धि पर महाविद्यालय के स्टाफ एवं छात्र-छात्राओं ने उन्हें हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। उनकी यह सफलता न केवल उनके व्यक्तिगत जीवन में महत्वपूर्ण है, बल्कि यह महाविद्यालय और क्षेत्र के लिए भी गौरव की बात है।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)