ठाकुरगंज बायपास निर्माण को लेकर प्रशासन सक्रिय, डीडीसी–एसडीएम ने किया स्थल निरीक्षण

वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो किशनगंज।
ठाकुरगंज बायपास सड़क निर्माण को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है। शनिवार को किशनगंज के उप विकास आयुक्त (डीडीसी) प्रदीप कुमार झा एवं अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) अनिकेत कुमार के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम ने प्रस्तावित बायपास मार्ग का स्थल निरीक्षण किया। इस दौरान मुन्शीभीट्टा और धर्मकांटा बायपास सड़क क्षेत्र का बारीकी से जायजा लिया गया।


निरीक्षण के क्रम में अधिकारियों ने प्रस्तावित सड़क की वर्तमान स्थिति, भूमि की उपलब्धता, अतिक्रमण की स्थिति तथा निर्माण से जुड़ी व्यावहारिक समस्याओं का विस्तृत अवलोकन किया। प्रशासनिक टीम में प्रखंड विकास पदाधिकारी अहमर अब्दाली, अंचल अधिकारी मृत्युंजय कुमार सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी भी मौजूद थे।


निरीक्षण के दौरान बायपास मार्ग से प्रभावित भूमिहीन एवं स्थानीय परिवारों से अधिकारियों ने संवाद किया और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि सड़क निर्माण के दौरान सभी कानूनी प्रक्रियाओं और मानकों का पालन किया जाएगा तथा किसी भी प्रभावित व्यक्ति के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। समस्याओं के समाधान के लिए वैकल्पिक व्यवस्था पर भी विचार करने की बात कही गई।


डीडीसी प्रदीप कुमार झा और एसडीएम अनिकेत कुमार ने संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि बायपास निर्माण कार्य में पारदर्शिता बनाए रखते हुए इसे निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि ठाकुरगंज बायपास सड़क के निर्माण से न केवल शहर के अंदर यातायात दबाव कम होगा, बल्कि क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास को भी गति मिलेगी।


अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बायपास निर्माण ठाकुरगंज क्षेत्र के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण परियोजना है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया गया है।
प्रशासनिक अधिकारियों की सक्रियता और मौके पर मौजूदगी से स्थानीय लोगों में नई उम्मीद जगी है। लोगों का मानना है कि ठाकुरगंज बायपास निर्माण कार्य अब तेजी से आगे बढ़ेगा और वर्षों से चली आ रही यातायात एवं विकास से जुड़ी समस्याओं का समाधान संभव हो सकेगा।

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)