google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

मनरेगा को लेकर कांग्रेस फैला रही भ्रम, नई योजना में 125 दिन की रोजगार गारंटी : डॉ. दिलीप जायसवाल

वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो, किशनगंज।
बिहार सरकार के पथ निर्माण एवं उद्योग मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल ने धरमगंज स्थित भाजपा कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान मनरेगा योजना को लेकर कांग्रेस और ‘इंडी’ गठबंधन पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मनरेगा, जिसे अब ‘विकसित भारत–गारंटी फॉर रोजगार और आजीविका मिशन ग्रामीण’ के रूप में लागू किया गया है, एक जनकल्याणकारी योजना है, लेकिन कांग्रेस जानबूझकर इसे धार्मिक रंग देकर ग्रामीण जनता में भ्रम फैलाने का काम कर रही है।


डॉ. जायसवाल ने कहा कि कांग्रेस नेता भीबी जी राम योजना के नाम को लेकर अनावश्यक विवाद खड़ा कर रहे हैं, जबकि यह योजना पूरी तरह रोजगार और विकास से जुड़ी हुई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भीबी जी राम का अर्थ ‘विकसित भारत–गारंटी फॉर रोजगार और आजीविका मिशन ग्रामीण’ है। इसमें ‘राम’ शब्द जोड़कर गलत अर्थ निकालना दुर्भाग्यपूर्ण है। मंत्री ने कहा कि इंडी गठबंधन के पास अब जनता के सामने रखने के लिए कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा है, इसलिए हर सरकारी योजना को धर्म के चश्मे से देखा जा रहा है।


मंत्री ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी तीखा प्रहार करते हुए कहा कि वे देश में रहकर देश का नमक खाते हैं, लेकिन समय-समय पर देशविरोधी ताकतों के साथ खड़े नजर आते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी विदेशों में जाकर भारत के खिलाफ बयान देते हैं और विरोधी शक्तियों से मुलाकात करते हैं। ऐसे नेता गरीबों, मजदूरों और किसानों के हित में कैसे सोच सकते हैं, यह बड़ा सवाल है।


डॉ. दिलीप जायसवाल ने कहा कि केंद्र सरकार ने ग्रामीण मजदूरों के हितों को ध्यान में रखते हुए मनरेगा को और अधिक मजबूत किया है। नई योजना के तहत रोजगार गारंटी को 100 दिनों से बढ़ाकर 125 दिन कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि यदि किसी कारणवश मजदूरों को 125 दिन का रोजगार उपलब्ध नहीं हो पाता है, तो उन्हें भत्ता दिए जाने का भी प्रावधान किया गया है।


उन्होंने कहा कि नई व्यवस्था में अब केवल गड्ढे खोदने और भरने जैसे कार्यों तक सीमित न रहकर ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत संरचना विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। सड़कों का निर्माण, जल संरक्षण, सामुदायिक परिसंपत्तियों का विकास और अन्य स्थायी कार्यों को योजना में शामिल किया गया है, जिससे गांवों का समग्र विकास सुनिश्चित हो सके।
मंत्री ने बताया कि योजना की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के माध्यम से निगरानी की जाएगी। इससे कार्यों की रियल टाइम मॉनिटरिंग संभव होगी और भ्रष्टाचार की संभावनाओं पर प्रभावी नियंत्रण लगेगा। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों के दौरान मनरेगा में व्यापक भ्रष्टाचार देखने को मिला था, लेकिन अब तकनीक के उपयोग से हर रुपये का हिसाब रखा जाएगा।


अंत में डॉ. जायसवाल ने कहा कि कांग्रेस और इंडी गठबंधन का उद्देश्य केवल केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का विरोध करना रह गया है, जबकि सरकार की प्राथमिकता ग्रामीण गरीबों, मजदूरों और किसानों को आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाना है। पत्रकार वार्ता में जिला अध्यक्ष गोपाल मोहन सिंह,हरि राम अग्रवाल, ज्योति कुमार सोनू,जय किशन प्रसाद,लखवीर कौर, सोनी देवी, वार्ड पार्षद मो कलीमुद्दीन, बुलंद अख्तर हाशमी,फिरोज आलम,कौशल यादव ,पंकज साहा,विशाल कुमार,राकेश,चिंटू त्रिपाठी, हरि मोहन शाह सहित अन्य दर्जनों लोग मौजूद थे।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)