वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो किशनगंज।
सावन की पहली सोमवारी के अवसर पर श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। रविवार को सदर अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) अनिकेत कुमार एवं अंचल अधिकारी (सीओ) राहुल कुमार ने ओद्रा तथा भूतनाथ मंदिर परिसर का निरीक्षण कर विधि-व्यवस्था, साफ-सफाई एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने संबंधित पदाधिकारियों एवं पुलिस बल को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई बनाए रखने, श्रद्धालुओं के लिए पेयजल सहित आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने, भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था तथा सुरक्षा के समुचित इंतजाम सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।
प्रशासन ने कहा कि सावन की पहली सोमवारी पर श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी की जा रही हैं। मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता, सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल एवं प्रशासनिक अधिकारियों की तैनाती की जाएगी।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



