यूपी की 10 राज्यसभा सीटों के लिए मंगलवार को जैसे ही मतदान शुरू हुआ समाजवादी पार्टी में भगदड़ मच गई. पार्टी के मुख्य सचेतक और ऊंचाहार से विधायक मनोज पांडेय ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया. इसके अलावा चार अन्य सपा विधायकों ने भी जय श्रीराम के उद्घोष के साथ क्रॉस वोटिंग कर डाली. यह स्थिति सपा प्रमुख अखिलेश यादव के लिए सामान्य नहीं थी. उन्होंने खुद स्वीकार किया कि पार्टी के कुछ विधायकों ने क्रॉस वोटिंग की और अब उनके खिलाफ बड़ा एक्शन होगा.
दरअसल, यूपी में 10 राज्यसभा सीटों के लिए मतदान जारी है. बीजेपी की तरफ से 8 और समाजवादी पार्टी की तरफ से 3 उम्मीदवार मैदान में हैं. अब तक कि वोटिंग से एक बात तो स्पष्ट दिख रही है कि ऐन वक्त पर बीजेपी ने संजय सेठ को प्रत्याशी बनाकर जो दांव खेला था वह उसमें सफल नजर आ रही है. कहा जा रहा है कि संजय सेठ का जीतना तय है. इस स्थिति में सपा के तीसरे प्रत्याशी पूर्व चीफ सेक्रेटरी अलोक रंजन की हार तय मानी जा रही है. बता दें कि संजय सेठ समाजवादी पार्टी के पूर्व कोषाध्यक्ष रह चुके हैं. 2019 चुनाव से पहले वे बीजेपी में शामिल हुए थे और बीजेपी ने उन्हें राज्यसभा भेजा था. संजय सेठ की समाजवादी पार्टी में गहरी पैठ बताई जाती है.
संजय सेठ की जीत भी तय मानी जा रही
अब तक हुई वोटिंग के मुताबिक संजय सेठ राज्यसभा चुनाव जीतते नजर आ रहे हैं. समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव प्रो रामगोपाल यादव ने भी कहा कि उनके प्रत्याशी की जीत तय है. उनकी पार्टी के 102 विधायकों ने वोट डाल दिया है. यह भी संकेत है कि सपा का तीसरा प्रत्याशी नहीं जीत रहा. ऐसा इसलिए क्योंकि सपा के 8 विधायकों ने क्रॉस वोटिंग की हैं, जिनमें राकेश पांडेय, राकेश प्रताप सिंह, अभय सिंह, विनोद चतुर्वेदी, मनोज पांडेय, महाराजी देवी ( गैर हाजिर ), पूजा पाल ( NDA को वोट दिया), आशुतोष मौर्य ( गैर हाजिर ).
इनकी जीत तय
समाजवादी पार्टी से जाया बच्चन और रामजी लाल सुमन की जीत तय मानी जा रही है. क्योंकि अपना दल कमेरावादी और सपा की सहयोगी पल्लवी पटेल ने भी स्पष्ट शब्दों में कहा है कि उन्होंने PDA के उम्मीदवार रामजीलाल सुमन को वोट किया है. वोट से पहले उनकी अखिलेश यादव से फ़ोन पर गहमा गहमी भी हुई थी. सपा के तीसरे नंबर के प्रत्याशी पूर्व आईएएस अलोक रंजन की सीट फांसी है. इसके अलावा बीजेपी के सभी प्रत्याशी सुधांशु त्रिवेदी, आरपीएन सिंह, चौधरी तेजवीर सिंग्ज, साधना सिंह, अमरपाल मौर्य, संगीता बलवंत, और आगरा के मेयर नवीन जैन की जीत पक्की बताई जा रही है.
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



