राष्ट्रीय सेवा योजना की चारों इकाईयों द्वारा स्वच्छता जागरूकता एवं अन्य विविध कार्यक्रमों का किया गया आयोजन

अनिल कुमार अग्रहरि/ समाज जागरण

ओबरा/ सोनभद्र। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय ओबरा, सोनभद्र की राष्ट्रीय सेवा योजना की चारों इकाइयों के संयुक्त तत्वावधान में प्रथम एक दिवसीय शिविर के अन्तर्गत ‘स्वच्छता जागरुकता कार्यक्रम’ एवं अन्य विविध कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। इस अवसर पर एनएसएस स्वयंसेवकों ने पहले महाविद्यालय परिसर की साफ-सफाई की, फिर रैली निकालकर स्थानीय बस्ती के रहवासियों दुकानदारों एवं आम जनमानस के साथ स्थानीय साफ-सफाई पर संवाद स्थापित करते हुए उन्हें स्वच्छता का संदेश दिया । आसपास की बस्ती में कूड़ा-प्रबंधन, सीवर व्यवस्था व स्वच्छ जल आपूर्ति एवं अन्य साफ सफाई से संबंधित इंतजामों को भी राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवियों ने समझा।

इसी क्रम में स्वयंसेवकों ने वर्तमान व्यवस्था में अपेक्षित सुधार हेतु राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय ओबरा की राष्ट्रीय सेवा योजना की चारों इकाइयों की तरफ से हरसंभव सहयोग का विश्वास दिलाया गया। रैली में शामिल स्वयंसेवको ने स्वच्छता अभियान के दौरान राम-धुन ‘रघुपति राघव राजा राम पतित पावन सीता राम, ईश्वर अल्लाह तेरो नाम सबको सन्मति दे भगवान’ का गायन कर सभी राहगीर व स्थानीय रहवासियों का ध्यान आकर्षित किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के इतिहास विभाग के विभागाध्यक्ष और भूतपूर्व वरिष्ठ कार्यक्रम अधिकारी डॉ संतोष कुमार सैनी द्वारा स्वच्छता जागरूकता पर किया गया। डॉ संतोष कुमार सैनी ने अपने सम्बोधन में गांधी जी के स्वच्छता सम्बन्धी विचारों को वर्तमान परिवेश में आत्मसात करने पर बल दिया। कार्यक्रम का संचालन कर रहे राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. सचिन कुमार ने गांधी जी के जीवन दर्शन को धारणीय समाज के निर्माण की नींव बताया।

उन्होंने गांधी जी द्वारा दिए गए स्वच्छता के संदेश व उसके महत्व पर विस्तार से चर्चा करते हुए स्वच्छ, सुंदर, समृद्ध और सशक्त भारत के निर्माण के लिए सभी को आगे आकर अपना हर संभव सहयोग देने का आवाहन किया। कार्यक्रम अधिकारी डॉ. आलोक यादव ने गंदगी से होने वाली विभिन्न बीमारियों और उनसे होने वाली हानियां पर चर्चा की। कार्यक्रम अधिकारी डॉ. संघमित्रा ने अपने आसपास के वातावरण की स्वच्छता के साथ-साथ शारीरिक स्वच्छता पर भी प्रकाश डाला।

भूतपूर्व वरिष्ठ कार्यक्रम अधिकारी और राष्ट्रीय सेवा योजना के नोडल अधिकारी डॉ विकास कुमार ने सभी शिविरार्थियों को स्वच्छता को अपने जीवन का अनिवार्य अंग बनाकर साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने पर बल दिया। कार्यक्रम के अंत में एनएसएस की छात्राओं द्वारा एक लघु नाटिका का भी सुंदर प्रदर्शन किया गया। रैली का संयोजन कार्यक्रम अधिकारी डॉ. सचिन कुमार, डॉ.आलोक यादव, डाॅ. संघमित्रा एवं अंजलि मिश्रा ने संयुक्त रूप से किया। कार्यक्रम के अंत में कार्यक्रम अधिकारी अंजलि मिश्रा ने सभी सहभागियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।


उक्त प्रथम एक दिवसीय शिविर के कार्यक्रम में प्रवेश एवं परीक्षा प्रभारी डॉ उपेंद्र कुमार, डॉ. विभा पांडेय, डॉ. वैशाली शुक्ला इत्यादि प्राध्यापकगण, कार्यालय अधीक्षक राजेश्वर रंजन, महेश पांडेय, सरफुद्दीन, मनीष इत्यादि कर्मचारीगण मौजूद थे।

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)