google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

सीसी रोड निर्माण में भारी अनियमितता का आरोप, ग्रामीणों में आक्रोश

उपेन्द्र तिवारी तहसील संवाददाता/ समाज जागरण

विंढमगंज/ सोनभद्र। ग्रामीणों ने मुख्य मार्ग एनएच-39 से मुडिसेमर को जाने वाली प्रधानमंत्री सड़क पर चल रहे सीसी निर्माण कार्य में गंभीर अनियमितताओं का आरोप लगाया है। ग्रामीणों ओम प्रकाश का कहना है कि यह निर्माण कार्य मानकों के बिल्कुल विपरीत किया जा रहा है, जिससे सड़क की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।


सीसी रोड निर्माण में सीमेंट, गिट्टी और बालू मानक के विपरीत डाली जा रही है। निर्माण कार्य बेहद लापरवाही और मनमाने तरीके से किया जा रहा है। राजेश कुमार का आरोप है कि ठेकेदार द्वारा अधिकतर काम रात के समय कराया जा रहा है, ताकि दिन के उजाले में घटिया निर्माण की पोल न खुल सके। इस कारण सड़क की सतह सही तरीके से नहीं बन पा रही है और यह आशंका जताई जा रही है कि यह सड़क कुछ ही दिनों में उखड़ जाएगी।


ग्रामीणों का यह भी कहना है कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता की किसी भी स्तर पर जांच नहीं की जा रही है। न तो संबंधित विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचकर निरीक्षण कर रहे हैं और न ही सामग्री की जांच की जा रही है। इससे ग्रामीणों में यह संदेह गहराता जा रहा है कि इस पूरे मामले में अधिकारियों और ठेकेदार की मिलीभगत हो सकती है। ग्रामीणों का आरोप है कि इस कार्य में बंदरबांट कर सरकारी धन का दुरुपयोग किया जा रहा है।


ग्रामीणों ने बताया कि यह सड़क स्थानीय लोगों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है, क्योंकि इसी मार्ग से बच्चों का स्कूल आना-जाना, मरीजों का अस्पताल पहुंचना और रोजमर्रा की जरूरतों की पूर्ति होती है। यदि सड़क घटिया बनी तो इससे ग्रामीणों को लंबे समय तक परेशानी झेलनी पड़ेगी।


ग्रामीणों की मांग है कि निर्माण कार्य को तत्काल रोक कर जांच कराई जाए। साथ ही, मानक के अनुसार गुणवत्ता पूर्ण सीसी रोड का निर्माण कराया जाए। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते सही कार्रवाई नहीं हुई तो यह मामला केवल स्थानीय स्तर तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इससे उत्तर प्रदेश सरकार की छवि को बदनाम करने का षड्यंत्र भी माना जाएगा। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि मांगें पूरी न होने पर वे आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)